Balen Shah vs KP Sharma Oli Election Result: काठमांडू के पूर्व मेयर और नेपाल के भावी पीएम कहे जा रहे बालेन शाह ने सीधी टक्कर में पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को 50 हजार वोटों से हरा दिया. हाई-प्रोफाइल झापा-5 सीट पर हुए चुनाव में बालेन को 68,348 वोट मिले. जबकि ओली महज 18,734 वोट हासिल कर सके. इस प्रकार पूर्व पीएम को एक युवा उम्मीदवार के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी. इस जीत के बाद बालेन शाह के समर्थक जमकर जश्न मना रहे हैं.
झापा-5 पर लगी थी पूरे नेपाल की नजर
रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल संसदीय चुनाव में झापा-5 सीट पर पूरे देश की नजर लगी हुई थी. इस सीट पर नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) के अध्यक्ष और पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली उम्मीदार थे. उनके सामने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन शाह को उम्मीदवार के रूप में उतारा था. चुनाव से पहले ही RSP बालेन को पीएम उम्मीदवार के रूप में प्रोजेक्ट कर चुकी थी. जबकि ओली पहले से ही अपनी पार्टी की ओर से पीएम उम्मीदवार थे.
यही वजह थी कि लोगों की इस सीट के रिजल्ट को जानने में खासी दिलचस्प थी. शनिवार को जैसे ही चुनाव आयोग ने रिजल्ट घोषित किया, बालेन शाह के समर्थक अपनी खुशी पर काबू नहीं पा पाए और जमकर नारेबाजी की. उनकी जीत इस मायने में खास मानी जा रही है कि उन्होंने देश में स्थापित बरसों पुरानी पारंपरिक राजनीति को उखाड़ दिया है. यह नेपाल के उन लाखों युवाओं की आकांक्षा को भी दर्शा रही है, जो अब देश की स्थापित पार्टियों की पॉलिटिक्स को सहन नहीं करना चाहते.
नेपाल के जाने माने रैपर रहे हैं बालेन
बालेन शाह को उनके प्रशंसक बालेन के नाम से भी पुकारते हैं. उनका जन्म काठमांडू के नरदेवी में हुआ था. वे नेपाल के जाने-माने रैपर रहे हैं. अपने गानों में वे नेपाल की राजनीतिक पार्टियों की कार्यशैली और भ्रष्टाचार का जमकर मजाक उड़ाते थे. जिसके चलते वे युवाओं में लोकप्रिय होते चले गए. उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में 2022 में काठमांडू महानगरपालिका के मेयर का चुनाव लड़कर जीत हासिल की. इसके बाद उन्होंने कई ऐसे कदम उठाए, जिसके चलते वे राष्ट्रीय स्तर पर और चर्चित हो गए.
उन्होंने जनवरी 2026 तक मेयर के पद पर कार्य किया. इसके बाद राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश करने के लिए उन्होंमे राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी जॉइन की. यह पार्टी पूर्व टीवी पैनलिस्ट रवि लामिछाने ने 2022 में बनाई थी. पार्टी की ओर से उन्हें इन चुनावों में पीएम उम्मीदवार के रूप में प्रोजेक्ट किया गया था. जिसे युवाओं ने भी खूब समर्थन दिया.
पूर्व पीएम ओली की प्रतिष्ठा को लगा झटका
वहीं झापा-5 के नतीजे पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली के लिए शर्मनाक कहे जा रहे हैं. उन्होंने 2022 में इसी सीट पर चुनाव लड़कर नेपाली कांग्रेस नेता खगेन्द्र अधिकारी को 28 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था. इस बार भी वे अच्छे मार्जिन के साथ जीत की उम्मीद लगा रहे थे. हालांकि मतदाताओं ने चुनाव नतीजों के जरिए बता दिया कि अब वे किस तरह की राजनीति चाहते हैं.