शादी वाली वेबसाइट्स पर ठगों की नजर..पार्टनर बनाने के चक्कर में दिल्ली की महिला ने 9 लाख गंवाए

Delhi News: मैट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर ठग लिया गया. आरोपी ने खुद को लंदन निवासी बताकर एआई तकनीक की मदद से वीडियो कॉल्स के जरिए महिला का विश्वास जीता और धीरे-धीरे उससे 9.50 लाख रुपये ठग लिए, मामला नॉर्थ दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके का है, जहां 41 वर्षीय महिला अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं.

लंदन में कार्यरत बताकर आरोपी ने किया ठग और निकला भारत में ही
जानकारी के अनुसार, 3 मई 2025 को महिला को मैट्रीमोनियल वेबसाइट पर एक व्यक्ति का मैसेज मिला, जिसने खुद को अनीष पटेल बताया. उसने दावा किया कि वह लंदन में एक क्लिनिक में कार्यरत है. बातचीत वॉट्सऐप चैट और वीडियो कॉल पर आगे बढ़ी, जिनमें एआई का उपयोग कर आरोपी ने खुद को लंदन में दिखाया.

महिला का विश्वास जीतकर आरोपी ने किया ठग
विश्वास हासिल करने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला से अलग-अलग बहानों जैसे क्लिनिक के खर्च, वीजा संबंधी दिक्कतें, परिजन का एक्सीडेंट, वकील की फीस और भारत आने के टिकट आदि के लिए पैसे मांगे. महिला ने 13 मई से 19 सितंबर के बीच कुल 9.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.

एआई तकनीक का इस्तेमाल कर किया ठगी
20 सितंबर के बाद आरोपी ने सभी संपर्क साधन बंद कर दिए, जिससे महिला को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने नैशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी लंदन में नहीं, भारत में ही मौजूद हो सकता है और उसने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर महिला को भ्रमित किया.

पटाखों के साथ दुकानदार गिरफ्तार
एक अन्य मामले में, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुकुंदपुर इलाके में रेड कर राधा रमन (52) नामक दुकानदार को गिरफ्तार किया, जो अवैध रूप से 122 किलो पटाखे बेच रहा था. आरोपी के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है.