Husband Murdered Wife Pregnant YouTuber Wife: हैदराबाद के पास जगतियाल जिले के कोरुतला मंडल के माधापुर गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. 20 साल की चित्तारी वैष्णवी, जो YouTube पर अपने फैमिली व्लॉग्स के लिए जानी जाती थीं, अब इस दुनिया में नहीं रहीं हैं. वैष्णवी तीन महीने की गर्भवती थीं और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग थी. करीब 50 हजार लोग उनके वीडियो देखते थे. उनकी जिंदगी बाहर से जितनी खुश दिखती थी, अंदर उतनी ही उलझनों से भरी हुई थी.
खून से लथपथ मिली YouTuber की लाश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार सुबह जब परिवार वालों ने कमरे का दरवाजा खोला तो सामने का नजारा देख सब सन्न रह गए. वैष्णवी जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थीं. उनके सिर, गर्दन और हाथों पर चाकू से कई वार किए गए थे. यह साफ था कि हमला बेहद बेरहमी से किया गया था. घर के अंदर ऐसा मंजर था, जिसे देखकर हर कोई दहल जाए.
पति पर शक, घटना के बाद से फरार
पुलिस के मुताबिक, वैष्णवी के पति गंडम हरी (24) इस वारदात के बाद से ही गायब हैं.शुरुआती जांच में यही शक जताया जा रहा है कि सोमवार देर रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसी दौरान हरी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बना दी हैं और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
दहेज और रोज-रोज के झगड़े
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव चल रहा था. वैष्णवी के परिवार ने आरोप लगाया है कि हरी दहेज को लेकर परेशान करता था. पड़ोसियों ने भी बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. घटना वाली रात भी जोरदार बहस हुई थी.
शादी को हुए थे सिर्फ 10 महीने
जानकारी के मुताबिक, वैष्णवी और हरी की शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी. दोनों एक ही जाति से थे, लेकिन लड़के के परिवार को यह रिश्ता पसंद नहीं था.इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच भी तनाव बना रहता था। शुरुआत में दोनों पति के घर पर रहते थे, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद वैष्णवी अपने मायके आ गई थीं।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक टीम ने घर से अहम सबूत जुटाए हैं. इस केस में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 (दहेज मृत्यु) और 101 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है.