Sheena Bora Murder Case: शीना बोरा मर्डर केस में एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. इस केस की सबसे अहम गवाह विधि मुखर्जी ने मुंबई की एक अदालत में अपना बयान बदल दिया है. बता दें कि विधि मुखर्जी, इंद्राणी मुखर्जी की बेटी हैं और शीना बोरा की छोटी बहन हैं. उन्होंने अदालत में एक शपथ पत्र (एफिडेविट) देकर दावा किया है कि सीबीआई ने 2015 में उनकी मां इंद्राणी मुखर्जी की गिरफ्तारी के बाद उनका बयान रिकॉर्ड किया था.
दो दिन में पूरी तरह बदला बयान
विधि का यह नया दावा उनके पिछले बयान से बिल्कुल उल्टा और बदला हुआ है. सिर्फ दो दिन पहले ही विधि ने कोर्ट में कहा था कि उसने जांच एजेंसियों के सामने कोई बयान नहीं दिया था. विधि ने यह भी कहा था कि सीबीआई की चार्जशीट में उनके बयान के रूप में जो दस्तावेज लगाए गए हैं, वे जाली और मनगढ़ंत हैं. लेकिन अब शपथ पत्र देकर उसने खुद यह बात मानी है कि उनका बयान रिकॉर्ड हुआ था.
राहुल मुखर्जी के बारे में चौंकाने वाला खुलासा
मुख्य गवाह विधि ने इससे पहले बुधवार को कोर्ट में एक और चौंकाने वाली बात कही थी. उसने कहना था कि शीना बोरा के बॉयफ्रेंड और इंद्राणी के सौतेले बेटे राहुल मुखर्जी ने उसे बताया था कि शीना बोरा उसकी कथित हत्या की तारीख के बाद भी उसके साथ थी. विधि ने बताया था कि राहुल ने उससे कहा था कि उसने शीना को अप्रैल 2012 में जिस दिन वह गायब हुई, उसी दिन एक जगह पर छोड़ा था और बाद में उसी जगह से उसे वापस लिया भी था.
क्रॉस-एग्जामिनेशन में बताई 2015 की कहानी
गुरुवार को पीटर मुखर्जी (इंद्राणी के पूर्व पति) के वकील ने विधि मुखर्जी से पूछताछ की. इस दौरान विधि ने 2015 की घटनाओं के बारे में बताया. उसने कहा, ‘मेरी मां की गिरफ्तारी (अगस्त 2015) के एक हफ्ते के अंदर मैं लंदन चली गई थी. अक्टूबर में मैं तीन दिन के लिए वापस आई थी और तब मुझे पूछताछ के लिए सीबीआई ऑफिस ले जाया गया था. इसके बाद मैं दिसंबर में क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान ही वापस लौटी.’
आखिर क्या है सच?
विधि के बयान देने का काम अब पूरा हो चुका है. उसके इन उलझे हुए और एक-दूसरे के उलट बयानों से इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में एक नया ट्विस्ट आ गया है. हालांकि अब इस बात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर सच क्या है.