काबुल पर पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक, 400 लोगों की मौत

Pakistan Attack on Afghanistan Hospital: अफगानिस्तान के उप-सरकारी प्रवक्ता ने मंगलवार सुबह बताया कि राजधानी काबुल में नशा करने वालों का इलाज करने वाले एक अस्पताल पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 400 हो गई है. X पर एक पोस्ट में हमदुल्ला फितरत ने कहा कि सोमवार देर रात हुए इस हमले में अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया. उन्होंने बताया कि अब तक 400 लोग मारे जा चुके हैं और लगभग 250 अन्य के जख्मी होने की खबर है.

फितरत ने आगे कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और मलबे से शवों को निकालने का काम कर रहे हैं. इससे पहले अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने कहा था कि इस हमले में 200 से ज्यादा लोग मारे गए हैं. एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक जमान ने स्थानीय मीडिया को दिए एक टेलीविजन इंटरव्यू में कहा,’नशा मुक्ति अस्पताल का हर हिस्सा तबाह हो गया है.’ इस इंटरव्यू को बाद में ऑनलाइन भी पोस्ट किया गया.

जबीउल्लाह मुजाहिद ने भी शेयर किया इंटरव्यू
अफगानिस्तान के सरकारी प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने भी इस इंटरव्यू को शेयर किया और इससे पहले इस हमले की निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की सीमा का उल्लंघन बताया था. मुजाहिद ने X पर एक पोस्ट में कहा,’मारे गए और घायल हुए लोगों में ज्यादातर वे मरीज थे जिनका उस केंद्र में इलाज चल रहा था.’ स्थानीय टेलीविजन फुटेज में दमकलकर्मियों को क्षतिग्रस्त इमारत के मलबे से उठती लपटों से जूझते हुए दिखाया गया.

पाकिस्तान ने नागरिक ठिकानों पर हमले के दावे को खारिज किया
पाकिस्तान ने इस आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा कि हवाई हमलों में नागरिक ठिकानों के बजाय उग्रवादियों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था. प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने काबुल में किसी अस्पताल पर हमला होने के आरोप को बेबुनियाद बताया. पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों में पूरी सटीकता के साथ सैन्य ठिकानों और आतंकवादियों के मददगार बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जिसमें अफगान तालिबान और पाकिस्तान में सक्रिय उग्रवादियों के जरिए इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों के गोदाम और गोला-बारूद के ठिकाने शामिल थे.

बॉर्डर पर झड़पें तेज हुईं
यह कथित हवाई हमला तब हुआ जब इसके कुछ ही घंटे पहले अफगान अधिकारियों ने बताया था कि पाकिस्तानी और अफगान सेनाओं के बीच साझा सीमा पर गोलीबारी हुई है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक सोमवार रात पाकिस्तान की तरफ से दागे गए मोर्टार के गोले दक्षिण-पूर्वी खोस्त राज्य के गांवों में गिरे, जिससे चार लोगों की मौत हो गई, मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं, कई अन्य घायल हो गए. पाकिस्तान ने कहा कि एक दिन पहले अफगानिस्तान से दागा गया एक मोर्टार उत्तर-पश्चिमी जिले बाजोड़ में एक घर पर गिरा, जिससे एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई.