पाकिस्तान की नई चाल, अरब सागर में बनाएगा बंदरगाह, खटखटाया ट्रंप का दरवाजा; भारत को कितना खतरा?

Asim Munir: पाकिस्तान ने अपने दुश्मनों को घेरने के लिए अब एक नई चाल चली है. जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के सलाहकारों ने अरब सागर पर एक बंदरगाह बनाने और चलाने के प्रस्ताव के साथ अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया है. समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, इस योजना में अमेरिकी निवेशकों द्वारा पासनी शहर में पाकिस्तान के महत्वपूर्ण खनिजों तक पहुंचने के लिए एक टर्मिनल का निर्माण और संचालन शामिल है. पासनी, बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले में स्थित एक बंदरगाह शहर है जिसकी सीमा अफगानिस्तान और ईरान से लगती है.

क्या सैन्य मकसद के लिए भी होगा पोर्ट का प्रयोग?
बता दें, ये कदम मुनीर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सितंबर में व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बैठक के बाद उठाया गया है. उस बैठक में शरीफ ने कृषि, प्रौद्योगिकी, खनन और ऊर्जा क्षेत्रों में अमेरिकी कंपनियों से निवेश की अपील की थी. जानकारी के अनुसार, यह प्रस्ताव कुछ अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष रखा गया था तथा पिछले महीने के अंत में व्हाइट हाउस में ट्रम्प के साथ बैठक से पहले मुनीर के साथ साझा किया गया था. एक रिपोर्ट के अनुसार, योजना में स्पष्ट किया गया है कि पोर्ट का उपयोग अमेरिकी सैन्य मकसद के लिए नहीं किया जाएगा, बल्कि इसका मकसद पश्चिमी पाकिस्तान के खनिज समृद्ध प्रांतों से जुड़े रेल कॉरिडोर के विकास में निवेश हासिल करना है. बता दें कि पाकिस्तानी सेना और सरकार की अभी तक इस योजना पर कोई टिप्पणी नहीं आई है. अमेरिकी विदेश विभाग और व्हाइट हाउस ने भी तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है.