रायपुर: जहां देश का युवा एक एग्जाम के रिजल्ट के इंतजार में बूढ़ा होने लगता है, वहां छत्तीसगढ़ के तिल्दा की चारु पांडेय ने नौकरियों की झड़ी लगा दी। बड़ी बात ये है कि चारु की उम्र महज 23 साल है और इतनी उम्र में उन्होंने 19 सरकारी परीक्षाएं क्रैक कर दी हैं।
यह कोई किस्मत का खेल नहीं, बल्कि किताबों से किया गया वो सौदा है जिसने चारु को आज पूरे देश के लिए मिसाल बना दिया है। फिलहाल चारु चेन्नई में CAG ऑफिस के भीतर असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर की कुर्सी संभाल रही हैं, लेकिन उनकी इस कामयाबी की गूंज अब दिल्ली के राष्ट्रपति भवन तक पहुंच चुकी है।
जहां दिया एग्जाम, वहीं मिली कामयाबी
23 साल की इस लड़की ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन का सबसे प्रतिष्ठित CGL एग्जाम हो, CHSL, MTS, GD हो या फिर CPO चारु ने जहां-जहां फॉर्म भरा, वहां-वहां मेरिट लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया। बैंकिंग का कड़ा चक्रव्यूह SBI और IBPS भी उनकी रफ्तार को नहीं रोक सका। खाकी की रेस में उतरे तो दिल्ली पुलिस और छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर की पोस्ट छीन ली और जब रेलवे की बारी आई तो RRB Group D और NTPC को भी एक ही झटके में क्रैक कर डाला।
चारु के रिकॉर्ड की 5 सबसे बड़ी बातें:
उम्र 23 और 19 जॉइनिंग लेटर: जिस उम्र में युवा करियर की दिशा तय करते हैं, उस उम्र में चारु के पास केंद्र और राज्य सरकार की 19 नौकरियों के विकल्प थे।
SSC के सारे बड़े किले फतह: एसएससी सीजीएल (SSC CGL) से लेकर CHSL, MTS, GD और CPO तक, स्टाफ सिलेक्शन कमीशन का ऐसा कोई एग्जाम नहीं जिसे चारु ने न तोड़ा हो।
बैंक और रेलवे में भी दबदबा: सिर्फ एसएससी ही नहीं, चारु ने IBPS, SBI, रेलवे ग्रुप-डी और RRB NTPC जैसे कड़े बैंकिंग और रेलवे एग्जाम्स में भी सफलता का झंडा गाड़ा।
वर्दी वाली नौकरियों का भी क्रेज: दिल्ली पुलिस भर्ती और छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट सब-इंस्पेक्टर की परीक्षा भी चारु ने हंसते-खेलते क्लियर कर ली।
सीधे राष्ट्रपति से मिलेगा सम्मान: आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चारु पांडेय के इस कड़े पुरुषार्थ को ‘गोल्ड मेडल’ से सम्मानित करेंगी।