आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के आने के बाद से ही कई लोगों को अपनी नौकरियों पर खतरा महसूस होने लगा है. वहीं, इस बढ़ती टेक्नोलॉजी की वजह से कई बड़ी कंपनियों ने छंटनी भी शुरू कर दी है. हालांकि, इसमें भी कोई दोराए नहीं है कि AI के कारण ही कई लोगों को नौकरी के नए मौके भी मिले हैं. अब इसी को लेकर Salesforce के CEO मार्क बेनिओफ (Marc Benioff) ने लोगों को राहत देने वाला बयान दिया है. उनका कहना है कि AI सेल्स की नौकरियों को खत्म नहीं करेगा. उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी इस साल के अंत तक 3,000-5,000 नए सेल्सपर्सन को हायर करने की प्लानिंग भी कर रही है, जिसके बाद कुल अकाउंट एग्जीक्यूटिव की संख्या 20,000 तक पहुंच जाएगी.
इसी साल की थी 4,000 छंटनी
Benioff ने हाल ही में अपने एक बयान में कहा कि सेल्स के काम में फेस-टू-फेस बातचीत बहुत जरूरी होती है और AI में इंसानों जैसी भावनाएं या जुड़ाव नहीं होता. यह बयान ऐसे समय पर आया है जब Salesforce ने अपने कई दूसरे डिपार्टमेंट्स में AI को तेजी से अपनाया है, खासतौर पर कस्टमर सर्विस में, जहां इस साल की शुरुआत में कंपनी ने 4,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी. Benioff ने TBPN संग बातचीत में कहा, ‘हमें AI बहुत पसंद है, ठीक है? लेकिन AI इंसानों जैसा नहीं होता. इसमें वो इंसानी जुड़ाव नहीं होता.’
इंसानों की जगह नहीं ले पाता AI
Benioff का कहना है कि AI इंसानों की जगह नहीं लेता, बल्कि उनके काम को बेहतर बनाता है. उन्होंने बताया कि Salesforce पिछले 26 सालों से एक बड़ी समस्या का सामना कर रहा है, यानी ऐसे कस्टमर्स जिनसे कोई फॉलो-अप नहीं हो पाता. Benioff ने खुलासा किया कि हाल ही में AI एजेंट्स ने सिर्फ एक हफ्ते में 4,000 कस्टमर्स से संपर्क किया, जो पहले सिर्फ इंसानी टीम के भरोसे संभव नहीं हो पाता था. उन्होंने बताया कि अगर इंसानी सेल्स टीम को बढ़ाया जाए और साथ में AI की मदद ली जाए, तो Salesforce की कुल सेल्स क्षमता में 19% का इजाफा हो पाएगा.
इन लोगों को दी गई खास ट्रेनिंग
कंपनी के कुल 80,000 कर्मचारियों में से करीब 25% ऐसे हैं जिन्हें Salesforce के सेल्स प्रोडक्ट्स को इस्तेमाल करने में ग्राहकों की मदद करने के लिए खासतौर पर ट्रेनिंग दी गई है. बता दें कि Benioff ने इसी साल सितंबर में बताया था कि सेल्स टीम को बढ़ाने के साथ-साथ Salesforce ने कस्टमर सपोर्ट टीम में कटौती की है. कंपनी ने सपोर्ट स्टाफ की संख्या 9,000 से घटाकर 5,000 कर दी है, क्योंकि उनके मुताबिक अब ज्यादा लोगों की जरूरत नहीं है. अब कंपनी का Agentforce नाम का AI प्लेटफॉर्म कस्टमर इंटरैक्शन का 50% हिस्सा संभाल रहा है. यह प्लेटफॉर्म अक्टूबर 2024 से अब तक 12 लाख से ज्यादा बातचीत पूरी कर चुका है.
कंपनी को नहीं पड़ रही सपोर्ट इंजीनियर की जरूरत
कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, Salesforce में AI को लागू करने से सपोर्ट से जुड़े खर्चों में 17% की कमी आई है. साथ ही कस्टमर के मामलों की संख्या इतनी कम हो गई है कि अब कंपनी सपोर्ट इंजीनियर की खाली जगहों को भरने की जरूरत नहीं समझ रही है. इससे साफ है कि AI ने कंपनी की सपोर्ट टीम पर काम का बोझ काफी हद तक कम कर दिया है. Benioff का अलग तरीका है, सेल्स टीम को बढ़ाना और सपोर्ट टीम को घटाना, जो यह दिखाता है कि उनके लिए संतुलन बहुत जरूरी है. उन्होंने जुलाई में Axios को बताया, ‘अगर आप पूरा काम 100% AI को सौंप देते हैं, तो आप अपनी पूरी कंपनी को खतरे में डालते हैं.’