Monsoon 2026: भीषण गर्मी और उमस से झुलसते भारत के लिए अंतरिक्ष से राहत देने वाली तस्वीर सामने आई है. अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट ने भारत की कुछ नई तस्वीरें भेजी हैं, जिनमें देश के आसमान पर बादलों का एक ‘महाजाल’ बिछता हुआ दिखाई दे रहा है. भयंकर और उमस भरी गर्मी को मात देने के लिए मानसून ने अपनी तैयारी कर ली है. अंतरिक्ष से आई नई सैटेलाइट तस्वीरों ने इशारा किया है कि भारत के आसमान में बारिश वाले बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है और मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. अंतरिक्ष से कैसा दिख रहा है हमारा मानसून, और कब भारत में मानसून की एंट्री होने वाली है? आइए जानते हैं…
मौसम सैटेलाइट INSAT-3DS ने भारत की नई तस्वीरें जारी की हैं, जिनसे पता चलता है कि हिमालय से लेकर दक्षिण भारत तक देश के एक बड़े हिस्से में बादलों का घेरा लगातार बढ़ता जा रहा है. वायुमंडल में बढ़ती इस हलचल से साफ पता चल रहा है कि मानसून अब बहुत ही करीब पहुंच चुका है.
उत्तर से लेकर पूर्व तक बादलों का डेरा
सैटेलाइट तस्वीरों में सबसे हैरान करने वाला नजारा उत्तर भारत और उससे सटे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के ऊपर दिखाई दे रहा है, जहां बादलों की एक विशाल चादर फैली हुई है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों पर घने तूफानी बादल साफ दिखाई दे रहा हैं. वहीं पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है.
इसके साथ ही, पूर्वी भारत में भी मानसून की हलचल तेज हो गई है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बादलों के झुंड दिखाई दे रहे हैं. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण इन इलाकों में आए दिन बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं.
केरल के रास्ते दस्तक देने को तैयार मानसून
मौसम वैज्ञानिक इस समय केरल के तटीय इलाकों पर अपनी नजरें बनाए हुए हैं. सैटेलाइट से आई इन तस्वीरों में अब अरब सागर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से और भारत के दक्षिण-पश्चिमी तट पर बादलों का एक बड़ा हुजूम उमड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र की वजह से समुद्र से उठने वाली नमी भारत की जमीन की ओर बढ़ रही है.
मौसम एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों के अंदर केरल और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है. अगर परिस्थितियां ऐसी ही अनुकूल बनी रहीं, तो 4 जून यानी आज केरल दक्षिण-पश्चिम मानसून दस्तक दे सकता है.
गर्मी से मिलेगी बड़ी राहत
बीते कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश हुई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन अब एक बार फिर तेज धूप होने से गर्मी बढ़ गई है. आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने देश के बड़े हिस्से में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है, वहीं केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश की रफ्तार और तेज होगी. अंतरिक्ष से आ रही ये तस्वीरें बताती हैं कि भारत का सबसे पसंदीदा मानसूनी सीजन अब बस कुछ ही कदम दूर है.