AAP MLA Harmit Singh Pathanmajra: पंजाब के आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। राज्य की पुलिस उन्हें देश में ढूंढ रही थी, लेकिन अब पता चला है कि वो ऑस्ट्रेलिया भाग गए हैं। आप विधायक ने खुद एक वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है और साथ में ये भी कहा है कि जमानत मिलने के बाद ही वो वापस घर लौटेंगे।
रेप के आरोप में फरार चल रहे आप विधायक के ऑस्ट्रेलिया भागने से पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बावजूद हरमीत सिंह पुलिस की पकड़ से दूर रहे।
ऑस्ट्रेलिया भागे रेप के आरोपी AAP विधायक
पटियाला पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) विधायक के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है। हरमीत सिंह पठानमाजरा शुक्रवार को एक ऑस्ट्रेलिया स्थित पंजाबी वेब चैनल के साथ इंटरव्यू में दिखे थे। जिसमें उन्होंने दावा किया कि वो जमानत हासिल करने के बाद ही घर लौटेंगे। सभी आरोपों से इनकार करते हुए उन्होंने मामले को एक “राजनीतिक षड्यंत्र” करार दिया, जिसका उद्देश्य पंजाब के लोगों के लिए बोलने वाली आवाजों को दबाना है।
रेप के आरोपी AAP विधायक ने कहा, ”पंजाब में मंत्रियों और विधायकों से अहम मुद्दों पर सलाह नहीं ली जाती। अभिव्यक्ति की आजादी पर अंकुश लगाया जा रहा है। दिल्ली में हारने के बाद, अब उन्हीं नेताओं ने पंजाब पर कब्जा कर लिया है और उसे उसी तरह बर्बाद कर रहे हैं।”
बता दें कि पटियाला की एक अदालत ने बलात्कार के मामले में पेश न होने पर पठानमाजरा के खिलाफ अपराधी घोषित करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।पहली बार विधायक बने हरमीत सिंह उस समय पुलिस हिरासत से भाग निकले जब पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने हरियाणा के करनाल गई थी। पुलिस ने तब दावा किया था कि करनाल जिले के डाबरी गांव में विधायक को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर उनके समर्थकों ने गोलियां चलाईं और पथराव किया, जहां वे अपने एक रिश्तेदार के घर पर थे।
एक सितंबर को लगा था रेप का आरोप
हालांकि, पठानमाजरा ने गोलीबारी में शामिल होने से इनकार किया था और कहा कि वह यह जानकर भाग गया था कि उसे “फर्जी मुठभेड़” में मार दिया जाएगा। पुलिस ने आप विधायक के खिलाफ 1 सितंबर को सिविल लाइंस थाने में बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों में मामला दर्ज किया था।