दिल्ली में बीते दिनों लाल किले के पास हुए बम ब्लास्ट की घटना से पहले पुलिस ने डॉक्टर मुजम्मिल शकील को अल फलाह यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार किया था. अब इसको लेकर आतंकी की इंटेरोगेशन रिपोर्ट सामने आई है. बता दें कि डॉक्टर मुजम्मिल मूल रूप से पुलवामा के कोइल इलाके का रहने वाला है. 10 नवंबर 2025 को श्रीनगर के पंथाचौक थाने में उससे पूछताछ की गई. उसे फरीदाबाद के धौज इलाके से गिरफ्तार किया गया था. यहीं से हथियार, गोलियां, केमिकल पाउडर, टाइमर, रिमोट और IED बनाने का सामान भी मिला था.
आतंक की तरफ कैसे बढ़ा डॉक्टर मुजम्मिल?
मुजम्मिल फरीदाबाद के अल-फला अस्पताल में चीफ मेडिकल ऑफिसर के तौर पर काम करता था और सालाना करीब 9 लाख रुपये कमाता था. साल 2021 में उसके दोस्त मुफ्ती इरफान वागे ने उसे आतंकवादी गतिविधियों की तरफ उकसाना शुरू किया. वह भी गिरफ्तार हो चुका है. उसका एक और दोस्त आतंकी मुजामिल तंत्रे भी उसे इसी दिशा में धकेलता था. साल 2021 में मुजामिल तंत्रे बीमार पड़ा था तब मुजम्मिल ने उसे एक दवाई की सलाह भी दी थी. साल 2023-24 में IED और अन्य हथियारों का ज्यादातर इंतजाम फरार आरोपी डॉक्टर उमर नबी करता था, लेकिन पैसे कई लोगों ने मिलकर जुटाए.