मुंबई. टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस ने अपने प्रोड्यूसर पति पर किडनैप करने का आरोप लगाया है. एक्ट्रेस की बहन ने पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है और दावा किया है कि पिछले 7-8 महीनों से एक्ट्रेस और उनके पति के बीच विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से दोनों अलग हो गए थे. एक्ट्रेस का नाम चैत्रा राम है. चैत्रा कन्नड़ टीवी इंडस्ट्री की एक्ट्रेस हैं. उन्होंने बेंगलुरु सिटी पुलिस स्टेशन में कथित तौर पर पति पर बेटी की कस्टडी पाने के लिए एक्ट्रेस का किडनैप करने का आरोप लगाया है.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्ट्रेस चैत्रा राम की बहन लीला राम ने शिकायत दर्ज करवाई है. चैत्रा के पति का नाम हर्षवर्धन है, जो पिछले 7-8 महीने से हासन में रह रहे थे, जबकि चैत्रा अपनी एक साल की बेटी के साथ मगदी रोड पर किराए के घर में शिफ्ट हो गई थीं. पति से अलग होने के बाद भी चैत्रा ने टीवी शो में काम करना जारी रखा.
रिपोर्ट के मुताबिक, चैत्रा ने 7 दिसंबर को अपने परिवार को बताया कि वह शूटिंग के लिए मैसूर जा रही हैं. हालांकि, यह उनके पति की साजिश का हिस्सा था. शिकायत के मुताबिक, हर्षवर्धन ने अपने साथी कौशिक को 20,000 रुपये एडवांस दिए थे. कौशिक ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से चैत्रा को सुबह 8 बजे मैसूर रोड मेट्रो स्टेशन बुलाया. इसके बाद उन्हें जबरन कार में एनआईसीई रोड और बिदादी रूट से ले जाया गया. करीब 10:30 बजे चैत्रा ने किसी तरह अपने दोस्त गिरीश को सूचना दी, जिसने तुरंत उनके परिवार को किडनैप की जानकारी दी.
हर्षवर्धन ने चैत्रा की फैमिली से कबूली किडनैपिंग की बात
शाम तक हर्षवर्धन ने चैत्रा की मां सिद्धम्मा को फोन कर किडनैपिंग की बात कबूल की और धमकी दी कि अगर बच्ची को बताई गई जगह नहीं लाया गया तो चैत्रा को छोड़ा नहीं जाएगा. बाद में उसने एक अन्य रिश्तेदार से भी बच्ची को अरसीकेरे लाने को कहा और भरोसा दिलाया कि चैत्रा को सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा.
चैत्रा और हर्षवर्धन की 2023 में हुई थी शादी
परिवार एकजुट होकर पुलिस के पास पहुंचा. पुलिस ने चैत्रा की बहन लीला द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. लीला ने बताया कि साल 2023 में चैत्रा और हर्षवर्धन की शादी हुई थी और दोनों पिछले सात-आठ महीने से अलग रह रहे थे. आरोपी हर्षवर्धन एंटरप्राइजेज का मालिक और फिल्म निर्माता है.