इस शहर ने कुत्तों पर भी लगा दिया टैक्स, घूमने जाने से पहले करवाना होगा DNA रजिस्ट्रेशन, फिर भरना होगा पैसा

Tourist tax on Dogs: आजकल घूमने-फिरने की जगहें इतनी भर गई हैं कि वहां के लोकल लोगों को दिक्कत होने लगी है. इसी वजह से कुछ जगहों पर टूरिस्ट से खास फीस ली जाती है, लेकिन अब तो हद हो गई है, क्योंकि इटली में इंसानों के साथ-साथ कुत्तों पर भी ‘टूरिस्ट टैक्स’ लगाया जा रहा है. डोलोमाइट पहाड़ों के पास उत्तरी इटली के बोलजानो शहर में साल 2026 से बाहर से आने वाले कुत्तों पर हर दिन 1.50 यूरो (लगभग 2 डॉलर) का टैक्स लगेगा. यही नहीं वहां के लोकल लोग जिनके पास कुत्ते हैं, उन्हें हर साल 100 यूरो देने होंगे. यह नियम इसलिए बनाया गया है, जिससे सड़कों की सफाई का खर्च निकल सके और कुत्तों के लिए नए पार्क बनाए जा सकें. हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि कुत्तों को शहर के बाकी पार्कों से बाहर कर दिया जाएगा या नहीं.

डीएनए रजिस्ट्रेशन होगा जरूरी
यह टैक्स एक और कड़े नियम के बाद आया है, जिसके तहत मालिकों को अपने कुत्तों का DNA रजिस्ट्रेशन करवाना होता है. अगर कोई मालिक अपने कुत्ते की गंदगी नहीं उठाता तो उसका DNA मैच करके 600 यूरो तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. जिन लोगों ने पहले ही DNA रजिस्ट्रेशन करवा लिया है, उन्हें दो साल तक इस नए टैक्स से छूट मिलेगी.इस नियम को लाने वाले काउंसिलर लुइस वाल्चर ने कहा कि यह एक सही कदम है, क्योंकि इससे सिर्फ कुत्तों के मालिकों पर ही बोझ पड़ेगा. उन्होंने कहा कि सड़कों पर सिर्फ कुत्तों की गंदगी होती है तो सफाई की जिम्मेदारी पूरी कम्युनिटी पर क्यों हो?

लोगों ने की आलोचना
हालांकि इस फैसले से हर कोई इससे खुश नहीं है. ENPA नाम के एक एनिमल प्रोटेक्शन संगठन की Carla Rocchi ने इस कदम की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि यह एक गलत फैसला है, क्योंकि यह न सिर्फ परिवारों और पर्यटकों को परेशान करेगा, बल्कि यह जानवरों को ‘टैक्स देने वाला’ बनाकर एक गलत संदेश भी देता है. उन्होंने कहा कि जानवर कोई लग्जरी नहीं हैं, बल्कि परिवार का हिस्सा हैं. उन पर नया टैक्स लगाना समस्या का हल नहीं है, बल्कि इससे लोग अपने पालतू जानवरों के साथ घूमना कम कर देंगे और सबसे बुरा तो यह है कि इससे लोग अपने पालतू जानवरों को छोड़ना शुरू कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जहां एक तरफ यह इलाका टूरिज्म पर निर्भर है, वहीं दूसरी तरफ यह उन लोगों को ही निशाना बना रहा है, जो अपने जानवरों के साथ घूमना पसंद करते हैं.