Aaj Ka Mausam: आंधी-तेज हवाओं के बाद दिल्ली-NCR में जोरदार बारिश, गर्मी से मिली राहत

दिल्ली-NCR में रविवार की सुबह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से अचानक आई बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को अचानक बढ़ी गर्मी से राहत मिली. इससे पहले 13 और 14 मार्च को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली थी और अचानक पड़ने वाली गर्मी से लोगों को राहत मिली थी.

मार्च का महीना अभी आधा भी नहीं बीता था कि गर्मी ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया. तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण कई लोगों ने तो पहले ही अपने कूलर और एसी की सर्विसिंग तक करवा ली थी. ऐसा लगने लगा था कि इस बार गर्मी सामान्य से काफी पहले ही दस्तक दे चुकी है. इसी बीच रविवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने अचानक करवट ले ली. तड़के करीब 4:30 बजे के बाद आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. कई जगहों पर बिजली भी चमकी, जिससे मौसम पूरी तरह बदलता नजर आया.

बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को अचानक बढ़ी गर्मी से राहत मिली. इससे पहले 13 और 14 मार्च को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली थी और पारा नीचे आने से लोगों को कुछ राहत मिली थी. रविवार की इस बारिश ने फिलहाल मौसम को सुहावना बना दिया है और लोगों को जल्द शुरू होती दिख रही भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल गई है.

फरवरी के अंतिम दिनों से पड़ने लगी थी गर्मी
फरवरी के आखिरी दिनों से ही दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था. मार्च के शुरुआती 12 दिन भी लोगों के लिए काफी गर्म साबित हुए और तापमान लगातार बढ़ता चला गया. तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों को समय से पहले ही गर्मी के मौसम का अहसास करा दिया. हालांकि अब दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाला पूरा सप्ताह काफी सुहावना रहने वाला है. इस दौरान सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि लगातार दो दिन बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक घुल जाएगी. बारिश के चलते दिन और रात दोनों के तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. ऐसे में लोगों को चिलचिलाती धूप और बढ़ती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और मौसम कुछ दिनों के लिए सुहावना बना रहेगा.

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह मौसम का यू-टर्न
इसके पहले भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 मार्च की सुबह हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई थी. मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में अचानक से आया ये बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के कारण हुआ है. इसके चलते ही दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई राज्यों में मौसम ने यूटर्न लिया है. दिल्ली-एनसीआर में रविवार की सुबह लगभग 40 – 50 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से तेज हवाएं चली थीं. इसके बाद बिजली की चमक और गरज के साथ बारिश हुई.

यूपी-उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 15 और 16 मार्च को मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में इन दो दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है.

बिहार-झारखंड में भी बारिश की संभावना
बिहार और झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 18 मार्च के बीच बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं झारखंड में 15 से 17 मार्च के बीच बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. हालांकि बारिश से पहले राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का प्रभाव बना रह सकता है. मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च को कुछ क्षेत्रों में हीटवेव चलने की चेतावनी भी जारी की है.

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है. 15 से 19 मार्च के बीच इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की तो कहीं ज्यादा बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ओले गिरने की आशंका जताई है. ऐसे हालात में पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड फिर से बढ़ सकती है.