भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग भिलाई में बाबा बागेश्वर की हनुमंत कथा चल रही है. लेकिन, इसी बीच कथा में एक दर्दनाक घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया. बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री से न मिल पाने से नाराज युवती ने हाथ की नस काट ली. गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, ये घटना तब घटी, जब युवती धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने दुर्ग पहुंची थी, लेकिन भीड़ के कारण उनसे न मिल पाई. 24 वर्षीय युवती नजफगढ़ दिल्ली की बताई जा रही है. वह धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन के लिए बेचैन थी, क्योंकि वह उनकी सलाह से अपनी शादी की समस्या हल करना चाहती थी. लेकिन, मिल नहीं पाने से उसने आपा खो दिया.
बाबा ने भक्तों से की भावुक अपील
वहीं, भिलाई के सर्किट हाउस मैदान में चल रही कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री को इस घटना की जानकारी मिली. उन्होंने भक्तों को संबोधित करते हुए भावुक अपील की, कहा, “मिलने के लिए नस न काटो, आफत हो जाएगी. इसलिए हमारी शादी नहीं हो रही, ऐसी सोच गलत है. हम अपनी पूजा करवाने नहीं, बल्कि हनुमान जी की पूजा करवाने आए हैं. खुद से नहीं, हनुमान जी से जोड़ने आए हैं. हनुमान जी के चरण पकड़ो, वक्ता के वक्तव्य को पकड़ो, गुरु ज्ञान को पकड़ो, तब जीवन धन्य होगा.”
भिलाई में एक और हादसा
वहीं एक और हादसे ने पं. धीरेंद्र शास्त्री की मुश्किल को बढ़ा दिया. पं. धीरेंद्र शास्त्री की कार के सामने एक व्यक्ति आ गया, वह अपने आपको बाबा का भक्त बता रहा था. ऐसे में ड्राइवर ने अचानक ब्रेक मारी तो पीछे की गई गाड़ियां अपास में टकरा गईं. हालंकि, इस हादसे में गाड़ी में बैठे धीरेंद्र शास्त्री समेत सभी लोग सुरक्षित हैं. हादसे के बाद पंडित शास्त्री ने भक्तों से अपील की कि इस तरह की जल्दबाज़ी या जोखिम भरे काम न करें.