पुणे: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने गुरुवार को पुणे में NEET परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में डॉ बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा के सामने हुए इस प्रदर्शन में छात्रों, अभिभावकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया था।
प्रदर्शन के दौरान हंगाम करता युवक हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया और सरकार के सामने एक अहम मांग रखी कि पेपर लीक होने की स्थिति में प्रभावित हर छात्र को कम से कम 10,000 रुपये का मुआवजा दिया जाए। इस बीच पुलिस ने सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हंगामा करने की कोशिश करने वाले एक युवक को हिरासत में लिया।
मुंबई का रहने वाला है युवक
लोकमत की रिपोर्ट के मुताबिक, युवक ने अपनी पहचान फैज़ान अंसारी के तौर पर बताई। मुंबई का रहने वाला यह युवक खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताता है। फैजान अंसारी के बयान के मुताबिक, वह अभिजीत दीपके के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने की मांग करने आया था। उसके बयान में आरोप लगाया गया है कि दीपके ने ऐसी बातें कहीं जिनसे सामाजिक तनाव फैल सकता है। उसने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने और उसके बाद उचित कार्रवाई करने की भी मांग की।
कुछ देर के लिए माहौल हुआ तनावपूर्ण
युवक ने अभिजीत दीपके पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, संबंधित अधिकारियों की ओर से इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए, इन आरोपों की सच्चाई अभी साबित नहीं हुई है। प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस ने तुरंत दखल देकर स्थिति को काबू में कर लिया।