नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकी गई हैं। एक महिला ने उन पर स्याही फेंकी और थप्पड़ मारने की भी कोशिश की। दिल्ली के जंतर मंतर पर इस घटनाक्रम के बाद हंगामा मच गया। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें नजर आ रहा कि कैसे महिला अचानक ही दीपके के पास पहुंची और इंक फेंका। ये पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ जब दीपके प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत कर रहे थे।
CJP फाउंडर पर फेंकी गई इंक
दिल्ली के जंतर मंतर पर शनिवार सुबह से ही काफी गहमागहमी देखने को मिली। सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर 21 दिन से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को उठाया और उन्हें सफदरजंग अस्पताल लेकर गई। जैसे ही ये घटनाक्रम हुआ तो अभिजीत दीपके ने खुद भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया। इसी बीच दिन में अचानक ही उन पर एक महिला ने स्याही फेंक दी।
फेंकी गई इंक, थप्पड़ मारने की कोशिश
अभिजीत दीपके पर स्याही उस समय फेंका गया जब वो अपने समर्थकों के बीच थे। इस दौरान आरोप है कि महिला ने उन्हें थप्पड़ मारने की भी कोशिश की। हालांकि, महिला को तुरंत ही वहां मौजूद वॉलंटियर्स ने पकड़ लिया। इस घटनाक्रम से पहले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल का ऐलान किया।
भूख हड़ताल पर हैं अभिजीत दीपके
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस की ओर से जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल से सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने के तुरंत बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मैं अभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हूं। दीपके की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं।
भूख हड़ताल के 21वें दिन पुलिस सोनम वांगचुक को ले गई अस्पताल
वांगचुक को उनके अनिश्चितकालीन अनशन के 21वें दिन शनिवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मेडिकल सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया।
इसलिए आंदोलन कर रही CJP
बहरहाल, पुलिस ने कहा कि वांगचुक को आवश्यक मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उसने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन स्थल खाली करने की अपील की। वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और इस विवाद के कारण कथित तौर पर कुछ छात्रों की मौत के विरोध में 28 जून से कॉजपा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।