वर्क फ्रॉम होम का कल्चर खत्म, 3 दिन तक दफ्तर नहीं पहुंचे तो जाएगी नौकरी

Work From Home: दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नया नियम पेश किया है. कंपनी के नए नियम के मुताबिक, कर्मचारियों को अब सप्ताह में कम से कम तीन दिन ऑफिस से काम करना होगा. कंपनी ने कहा कि ये नया नियम फरवरी 2026 से पूरी तरह लागू हो जाएगा. जो कर्मचारी इसका पालन नहीं करेंगे, उनके करियर पर असर पड़ सकता है और उन्हें अप्रैजल पाने या महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट सौंपे जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है. कंपनी ने ये भी बताया है कि जो कर्मचारी ऑफिस से काम नहीं करेंगे. उनके परफॉरमेंस की समीक्षा पर नेगेटिव प्रभाव पड़ेगा. वे अप्रैजल के पात्र नहीं होंगे और न ही उन्हें महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिलेगा. TOI रिपोर्ट के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि आमने-सामने काम करने से बेहतर विचार सामने आते हैं और टीमों को एक साथ मिलकर बेहतर परिणाम देने में मदद मिलती है.

क्या है माइक्रोसॉफ्ट का प्लान?
सितंबर 2025 तक Seattle क्षेत्र के कर्मचारियों को इस नियम का पालन करना अनिवार्य होगा. इसके बाद, इसे USA के अन्य ऑफिस में लागू किया जाएगा. फरवरी 2026 तक ये नियम दुनिया भर के सभी अंतरराष्ट्रीय ऑफिस में लागू हो जाएगा. कंपनी ने कहा है कि नए नियम अकाउंट मैनेजमेंट, कंसल्टिंग और फील्ड मार्केटिंग जैसी कुछ भूमिकाओं पर लागू नहीं होंगे, क्योंकि इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को अपना अधिकांश समय बाहरी ग्राहकों के साथ काम करने में बिताना पड़ता है.

TCS ने भी WFH में किया था बड़ा बदलाव
हाल ही में नोएल टाटा के नेतृत्व वाली टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने भी वर्क फ्रॉम होम को लेकर एक बड़ा फैसला लिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, TCS ने अपने वर्कर्स के लिए अटेनडेंस को सख्त बनाते हुए वर्क फ्रॉम होम पॉलिसी में बदलाव किए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, पर्सनल इमरजेंसी डे, एंट्री डेडलाइन और बैकएंड प्रॉसेस में एडजस्टमेंट की जरूरत पड़ेगी.