Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agarwal Murder Case) में लोनावाला पुलिस एक्शन मोड में आ चुकी है. 26 वर्षीय रियल एस्टेट एग्जीक्यूटिव केतन अग्रवाल की हत्या के गहरे राज खोलने के लिए पुलिस आज सुबह-सुबह ही दोनों मुख्य आरोपियों मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) को कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे क्राइम स्पॉट (लोहागढ़ फोर्ट) पर लेकर पहुंची.
पुलिस की कई गाड़ियां और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम दोनों आरोपियों से उस खौफनाक वारदात का ‘क्राइम सीन रीक्रिएशन’ करवा रही है, ताकि ये साबित हो सके कि केतन को 400 फीट गहरी खाई में किस तरह धक्का दिया गया था. इस हाई प्रोफाइल कार्रवाई के चलते पूरे लोहागढ़ किले को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुणे रूरल पुलिस SP संदीप सिंह गिल का कहना है, आरोपियों को लोहागढ़ किले में ले जाया गया है. खासकर उस जगह पर जहां घटना हुई थी, ताकि सीन को रीक्रिएट किया जा सके. घटनाओं का पूरा सीक्वेंस रीकंस्ट्रक्ट किया जा रहा है: जिस रास्ते से गए, आरोपी कहां खड़े थे, क्या खास काम किए, और घटना कैसे हुई. आरोपी ने इस बारे में डिटेल्स दी हैं.
पर्यटकों और आम लोगों के लिए पूरे फोर्ट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, जब सिया को उस डरावनी खाई के पास ले जाया गया जहां से केतन को फेंका गया था, तो वह पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोने का नाटक करने लगी. फिलहाल दोनों आरोपी 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर हैं और पुलिस हर सबूत को बारीकी से जुटा रही है.
व्हाट्सएप चैट्स ने खोली पोल
लोनावाला पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रिमांड के दौरान सख्ती से हो रही पूछताछ में आरोपी सिया गोयल ने अब पुलिस को गुमराह करने के लिए नई-नई कहानियां सुनाना शुरू कर दिया है. सिया ने नया पैंतरा चलते हुए पुलिस अधिकारियों के सामने दावा किया कि मैंने केतन अग्रवाल से साफ कह दिया था कि मुझे उससे शादी नहीं करनी है. लेकिन केतन मुझसे कहता था कि अब बहुत देर हो चुकी है, दोनों परिवार बहुत आगे बढ़ चुके हैं और अब ये शादी कैंसिल नहीं हो सकती.
हालांकि, सिया की ये नई कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है. जांच अधिकारियों ने जब केतन और सिया दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर उनके डिलीटेड व्हाट्सएप चैट्स रिकवर किए, तो सच्चाई बिल्कुल उलट निकली. चैट्स में कहीं भी दोनों के बीच कोई विवाद या शादी तोड़ने की बात सामने नहीं आई है. चैट्स में वे दोनों एक सामान्य और बेहद खुशहाल कपल की तरह शादी को लेकर प्यारी बातें करते नजर आ रहे हैं. इसी वजह से पुलिस को पूरा यकीन है कि सिया जेल और कड़ी सजा से बचने के लिए लगातार झूठ का जाल बुन रही है.
आरोपी सिया के पिता का रोंगटे खड़े करने वाला बयान
इस पूरे सनसनीखेज मामले के बीच, आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने एक ऐसा बयान दिया है जिसने सबको हैरान कर दिया है. केतन की दर्दनाक मौत पर गहरा दुख जताते हुए टूटे मन से प्रवीण गोयल ने कहा कि कानून उनके लिए सबसे ऊपर है.
उन्होंने बेहद सख्त और भावुक लहजे में कहा कि एक पिता होने के नाते मेरा सिर शर्म से झुक गया है. अगर जांच में मेरी बेटी सिया वाकई दोषी पाई जाती है और यह साबित होता है कि उसने केतन की जान ली है, तो उसे कोर्ट से ऐसी सजा मिले जिसे दुनिया याद रखे. जैसे मेरे बेटे जैसे केतन को उस पहाड़ से धक्का देकर बेरहमी से मारा गया, कानून मेरी बेटी सिया को भी ठीक उसी लोहागढ़ की खाई से नीचे फेंक दे. पिता के इस बयान के बाद पुलिस अब इस हत्याकांड के हर छोटे-बड़े एंगल और कातिलों की क्रोनोलॉजी को कोर्ट में साबित करने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है.