राम मंदिर दान चोरी: किसने दिए गर्लफ्रेंड को ₹2 लाख और मोबाइल? पुलिस को मिला 15 लाख का पूरा हिसाब!

अयोध्या : अयोध्या के राम मंदिर में भक्तों के चढ़ावे से जुड़े करोड़ों रुपए के कथित घोटाले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच में जुटी पुलिस और एसआईटी के हाथ अब मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के बैंक खातों और लेन-देन से जुड़े नए सबूत लगे हैं। पता चला है कि अविनाश ने पिछले कुछ समय में ₹15 लाख से ज्यादा के संदिग्ध ट्रांजैक्शन किए हैं। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि कई अलग-अलग लोगों को भेजी गई यह मोटी रकम क्या मंदिर के चंदे की चोरी से ही जुड़ी हुई है।

महिला मित्र पर लुटाए लाखो, भाई ने देख ली थी नोटों की गड्डी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस अय्याशी और हेराफेरी का जाल सिर्फ बैंक खातों तक ही सीमित नहीं था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अविनाश शुक्ला ने अपनी एक महिला मित्र को करीब ₹2 लाख कैश और एक बेहद महंगा स्मार्टफोन गिफ्ट किया था। जांच एजेंसियां इस महिला मित्र से भी पूछताछ की तैयारी कर रही हैं।

इस बीच अविनाश के सगे भाई अभिषेक ने भी पुलिस के सामने एक बड़ा राज उगला है। अभिषेक के मुताबिक, उसने अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद अविनाश को एक योग सेंटर में नोटों से भरा बैग ले जाते हुए देखा था।

जब भाई अभिषेक ने अविनाश से इतने सारे पैसों के बारे में पूछा, तो अविनाश बात टाल गया। भाई के बार-बार पूछने पर वहां मौजूद दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि ‘यह पैसा भक्तों ने खुश होकर दर्शन कराने और मदद के बदले दिया है।’ इसके साथ ही अनुकल्प ने अभिषेक को दोबारा इस बारे में मुंह न खोलने की सख्त हिदायत भी दे डाली थी।

आज से जेल के अंदर ही शुरू होगी पांच आरोपियों की रिमांड
इसी बीच बड़ी खबर आ रही है कि अयोध्या पुलिस को अदालत से इस मामले में बंद पांच और आरोपियों से पूछताछ करने की मंजूरी मिल गई है। अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, राम शंकर यादव, करुणेश पांडे और मनीष यादव से आज यानी रविवार से जेल परिसर के भीतर ही आमने-सामने बिठाकर तीखे सवाल-जवाब किए जाएंगे।

यह पूरा मामला राम मंदिर को मिले विशाल चढ़ावे की हेराफेरी से जुड़ा है। पुलिस अब 70 किलो चांदी, 1,250 किलो सोना, ₹200 करोड़ नकद और भगवान राम की मूर्ति व पवित्र चरण पादुकाओं को अर्पित किए गए कीमती सामानों के पूरे रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

किसके पास से कितना कैश मिला?
SIT की टीम शुक्रवार को भी मंदिर परिसर पहुंची और चप्पे-चप्पे का मुआयना किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस जांच को पूरा करने के लिए एसआईटी को 15 दिनों का अतिरिक्त समय दिया है। अब तक हुई छापेमारी में आरोपियों के पास से जो कैश बरामद हुआ है, उसकी लिस्ट कुछ इस तरह है:

अविनाश शुक्ला: 20.39 लाख रुपए
करुणेश पांडे: 18.07 लाख रुपए
अनुकल्प मिश्रा: 16.82 लाख रुपए
लवकुश मिश्रा: 14.25 लाख रुपए
रमाशंकर मिश्रा: 7.32 लाख रुपए
रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू: 1 लाख रुपए

चंपत राय का इस्तीफा और यूपी में सियासी भूचाल
राम जन्मभूमि मंदिर के इस कथित घोटाले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा तूफान खड़ा कर दिया है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सत्ताधारी भाजपा पर लगातार चौतरफा हमले कर रहा है, जबकि सरकार का दावा है कि पूरी जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से चल रही है और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, FIR में नामजद सभी आठ लोगों की गिरफ्तारी के महज कुछ ही घंटों बाद, राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। पुलिस का मानना है कि रविवार से शुरू हो रही जेल रिमांड में कई और बड़े चेहरों के बेनकाब होने की उम्मीद है।