ओम बिरला होंगे राजस्थान के सीएम उम्मीदवार! वसुंधरा राजे बनेगी…

इस खबर को शेयर करें

कोटा: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे खेमे के भाजपा नेता और पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने बुधवार को अपना वीडियो बयान जारी किया। राजावत ने ऐसा बयान दे दिया इससे पार्टी नेताओं के बीच सीएम चेहरे को लेकर पड़ी दरारें और गहरी हो गई। राजावत ने कहा है कि हाल ही मीडिया और सोशल मीडिया पर अनर्गल दुष्प्रचार किया जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला राजस्थान के भावी मुख्यमंत्री होंगे। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे उप राष्ट्रपति होंगी। राजे के बेटे झालावाड़-बारां सांसद दुष्यन्त सिंह केन्द्रीय मंत्रीमण्डल में शामिल किया जायेगा। यह अटकलें निराधार हैं।

राजावत ने कहा, हाड़ौती वसुंधरा की कर्मभूमि है। लेकिन बागड़, मेवाड़, मारवाड़, बीकाना, शेखावाटी, ढूंढ़ाड़ और बृजप्रदेश की करोड़ों जनता आज अपनी तकदीर की बागडोर वसुंधरा राजे को ही सौंपने को तैयार है। वहीं जिन लोगों ने मुख्यमंत्री बनने के लिए मुंह धो रखे हैं, उनको राजस्थान तो क्या सम्भाग की जनता भी नहीं जानती।

भैरोसिंह से वसुंधरा राजे की तुलना
उन्होंने कहा, ‘जननेता तो भैरोसिंह शेखावत थे। जो कभी शेखावाटी से तो कभी जयपुर से, कभी पाली से, कभी श्रीगंगानगर से, कभी धौलपुर से और कभी छबड़ा से चुनाव लड़े, पूरे राजस्थान का चप्पा चप्पा उनका जाना हुआ था। जिसका आज के नेता केवल सपना ही देख सकते हैं। भैरोसिंह जी भांति पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने 2002 में परिवर्तन यात्रा के माध्यम और 2013 में सुराज संकल्प यात्रा के माध्यम से प्रदेश का चप्पा चप्पा देखा। जन जन का दिल जीता। इस बार मात्र 50 हजार वोटों की कमी से राज चला गया। नहीं तो प्रदेश में आज भी राज भाजपा का ही होता।’

‘वसुंधरा को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया जाए’
राजावत ने आगे कहा कि यह सर्वविदित है कि राजस्थान की जनता वसुंधरा राजे को दिल से चाहती है। उनके जैसी स्वीकार्यता प्रदेश में किसी भी नेता की नहीं है। इसलिए पार्टी आलाकमान को चाहिए कि राजस्थान की जनता की इच्छा को सम्मान देते हुए वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया जाये।