100 किलो मेफेड्रोन और 40 करोड़ कीमत… राजस्थान में ‘ड्रग लैब’ का भंडाफोड़, 5 लोग गिरफ्तार

सिरोही। राजस्थान के सिरोही जिले के दांतराई गांव के एक सुदूर फार्महाउस से पुलिस ने ऐसी गुप्त लैब का खुलासा किया है, जिसे देखकर जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं. मेफेड्रोन जैसे सिंथेटिक उत्तेजक और मनोदैहिक ड्रग की अवैध फैक्ट्री बेहद सुनसान इलाके में चल रही थी. इसका संचालन कोई गेंगस्टर नहीं, बल्कि सिविल सर्विस की तैयारी कर चुका एक शख्स कर रहा था. और पढ़ें

ये कार्रवाई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम ने 6 नवंबर को की है. पहले से ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि एक फार्महाउस में संदिग्ध रसायन और भारी मशीनरी लंबे समय से जमा की जा रही है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें ड्रम, पैकेट और उपकरणों का वह स्टॉक मिला, जो किसी पेशेवर केमिकल लैब से कम नहीं था.

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जब्त किए गए रसायनों का कुल वजन सैकड़ों किलोग्राम है, जो लगभग 100 किलोग्राम मेफेड्रोन तैयार करने के लिए पर्याप्त था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 40 करोड़ रुपए आंकी गई है. शुरुआती जांच में ही संकेत साफ थे कि यह सेटअप किसी सामान्य ऑपरेशन से कहीं बड़ा है. इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है.