जयपुर: राजस्थान के बिजली उपभोक्ताओं के लिए यह बड़ी और जरूरी खबर है. अब उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर 1.1 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाने पर हर महीने 150 यूनिट बिजली नि:शुल्क मिलेगी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को 150 यूनिट प्रतिमाह नि:शुल्क बिजली योजना में पंजीयन के लिए बनाए गए पोर्टल का जेईसीसी में हुए कार्यक्रम में शुभारंभ किया है. खास बात यह है कि पहले ही दिन इस योजना को लेकर बिजली उपभोक्ताओं में उत्साह देखने को मिला है. पहले दिन 6,864 उपभोक्ताओं ने पोर्टल पर पंजीयन करवाया है. राजस्थान डिस्कॉम्स ने यह पोर्टल विकसित किया है.
सूर्यघर और नि:शुल्क बिजली योजना को जोड़ा : ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को सस्ती एवं सुलभ सौर ऊर्जा के माध्यम से ऊर्जादाता बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की यह अनूठी पहल है. साल 2025-26 के बजट में राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना के लाभार्थियों को अधिक लाभ देने की मंशा के साथ इसे प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के साथ जोड़ने की पहल की थी. जिसके तहत हर महीने 150 यूनिट नि:शुल्क बिजली देने का एलान किया गया.
इसे भी पढ़ें: ‘जिन्हें 100 यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही, उनके घर की छत पर सरकार लगवाएगी सोलर प्लांट’ : हीरालाल नागर
इन पोर्टल की मदद से करवा सकते हैं पंजीयन : इस घोषणा की क्रियान्विति के पहले चरण में मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के रजिस्टर्ड उपभोक्ता https://www.energy.rajasthan.gov.in/Jvvnl, https://www.energy.rajasthan.gov.in/Jdvvnl, https://www.energy.rajasthan.gov.in/avvnl और वेब पोर्टल BijliMitra के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं. पोर्टल के शुभारंभ के पहले दिन मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना के 6,864 रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं ने 150 यूनिट निशुल्क बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर रूफ टॉप सोलर लगाने की सहमति दर्ज करवाई है. इनमें जयपुर डिस्कॉम के 3570, अजमेर डिस्कॉम के 1975 और जोधपुर डिस्कॉम के 1319 उपभोक्ता शामिल हैं.
उपभोक्ता को देनी होगी सहमति : पोर्टल के जरिए मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना के रजिस्टर्ड उपभोक्ता अपने ‘के नम्बर’ दर्ज करके 150 यूनिट नि:शुल्क बिजली योजना में ओटीपी के जरिए अपनी पात्रता की स्थिति जान सकेंगे. इस प्रक्रिया में मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना के रजिस्टर्ड उपभोक्ता अपने घर की छत की उपलब्धता की जानकारी पोर्टल पर देंगे और रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने की सहमति देंगे. इससे डिस्कॉम्स के पास यह विवरण दर्ज होगा कि उपभोक्ता अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के इच्छुक हैं.
जानिए, हर उपभोक्ता को होगा कितना लाभ : इसके बाद यह पात्र उपभोक्ता पीएम सूर्यघर पोर्टल पर रजिस्टर्ड वेंडर्स के माध्यम से घर की छत पर रूफ टॉप सोलर सिस्टम लगवा सकेंगे. हर उपभोक्ता को 1.1 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्रति संयंत्र 33,000 रुपए की वित्तीय सहायता मिलेगी. तीन किलोवाट के सोलर सिस्टम लगवाने पर अधिकतम 78 हजार रुपए केंद्र सरकार की ओर से दिए जाएंगे. वहीं, राजस्थान डिस्कॉम्स की ओर से 150 यूनिट प्रतिमाह नि:शुल्क बिजली योजना के तहत 17,000 रुपए प्रति संयंत्र की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी. इससे 1.1 किलोवाट क्षमता का पैनल पूरी तरह नि:शुल्क हो जाएगा.
ऐसे उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगी राज्य सरकार से मदद : जो उपभोक्ता मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना में रजिस्टर्ड नहीं हैं. वे पीएम सूर्यघर पोर्टल के माध्यम से वेंडर्स चुनकर खुद का रूफ टॉप सोलर प्लांट लगा सकेंगे. उन्हें केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय सहायता मिल सकेगी, लेकिन राज्य सरकार से मिलने वाली 17,000 रुपए की आर्थिक सहायता नहीं मिलेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2070 तक भारत को कार्बन उत्सर्जन मुक्त राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है. इसी कड़ी में राजस्थान सरकार ने यह अहम पहल की है