विपक्ष के हंगामे के बीच राजस्थान विधानसभा में 3 विधेयक ध्वनिमत से पारित

3 bills passed by voice vote in Rajasthan assembly amid uproar by opposition
3 bills passed by voice vote in Rajasthan assembly amid uproar by opposition

जयपुर: राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बीच तीन विधेयक पारित हुए. राजस्थान विनियोग (संख्या-3) विधेयक-2025, राजस्थान माल एवं सेवा कर (द्वितीय संशोधन) विधेयक-2025 और कारखाना (राजस्थान संशोधन) विधेयक-2025 विधानसभा में रखे गए और हंगामे के बीच तीनों विधेयक ध्वनिमत से पारित कर दिए गए.

भोजनावकाश के बाद दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू होते ही प्रतिपक्ष के विधायक प्रदेश में भारी बारिश से फसल खराबे को लेकर नारेबाजी करने लगे. इसी दौरान सत्ता पक्ष की ओर से तीन विधेयक सदन के पटल पर रखे गए जिन्हें ध्वनिमत से पारित किया गया. इसके बाद सदन की कार्यवाही 8 सितंबर 2025 सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

जीएसटी द्वितीय संशोधन बिल: उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने राजस्थान विनियोग (संख्या-3) विधेयक-2025 सदन के पटल पर रखा. यह विधेयक राज्य की समेकित निधि से राशि निकासी से संबंधित है. शोरगुल के बीच यह बिल ध्वनिमत से पारित कर दिया गया. विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बीच ही राजस्थान माल एवं सेवा कर (द्वितीय संशोधन) विधेयक-2025 भी पटल पर रखा गया और ध्वनिमत से पारित हुआ.

कारखाना संशोधन विधेयक पर चर्चा: इसके बाद मंत्री सुमित गोदारा ने कारखाना (राजस्थान संशोधन) विधेयक-2025 सदन के पटल पर रखा. उन्होंने कहा कि इसके जरिए श्रमिकों को फायदा होगा. काम के घंटे में रियायत दी गई है. श्रमिक संगठनों से बैठकों में सुझाव लिए गए थे. इससे प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी.

इस विधेयक पर चर्चा के दौरान शिव से निर्दलीय विधायक रवींद्र सिंह भाटी और भरतपुर से आरएलडी विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने अपने विचार रखे. डॉ. सुभाष गर्ग ने कहा कि इसके तहत शाम 7 बजे के बाद भी महिलाओं के काम करने की व्यवस्था का प्रावधान है. ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त इंतजाम किए जाने चाहिए. विपक्ष के हंगामे और शोरगुल के बीच यह विधेयक भी ध्वनिमत से पारित किया गया. इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही 8 सितंबर 2025 सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.