जयपुर। जयपुर में शाहपुरा में बढ़ते यातायात दबाव और आए दिन लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 25 किमी लंबे शाहपुरा बाइपास निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए 1 करोड़ 9 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। इससे लंबे समय से लंबित बाइपास निर्माण को लेकर क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है।
जानकारी के अनुसार शाहपुरा से होकर सीकर, सालासर, खाटूश्यामजी सहित शेखावाटी क्षेत्र की ओर जाने वाले भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। अधिकांश वाहन शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हैं, जिससे दिनभर ट्रैफिक का दबाव बना रहता है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
पत्रिका ने उठाया था मुद्दा
राजस्थान पत्रिका ने भी शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और जाम की स्थिति को लेकर कई बार प्रमुखता से खबरें प्रकाशित कर बाइपास निर्माण की आवश्यकता को उजागर किया था। बजट सत्र से पहले आमजन से संवाद के दौरान भी शाहपुरा बाइपास का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया था। अब डीपीआर के लिए बजट स्वीकृत होने से बाइपास निर्माण की उम्मीद मजबूत हुई है।
विधानसभा में भी उठ चुका है मुद्दा
शाहपुरा में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर स्थानीय कांग्रेस विधायक मनीष यादव ने भी विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से बाइपास निर्माण का मुद्दा उठाया था। इस पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बाइपास की आवश्यकता स्वीकार करते हुए डीपीआर तैयार कराने के लिए सैद्धांतिक सहमति जताई थी। जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर शाहपुरा में बाइपास निर्माण की मांग की थी।