राजस्थान में अवैध मिट्टी से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली ने 6 साल की बच्ची को कुचला

A 6-year-old girl was crushed to death by a tractor trolley loaded with illegal soil in Rajasthan.

राजस्थान के धौलपुर जिले में अवैध खनन एक बार फिर मासूम की जान ले गया. निहालगंज थाना क्षेत्र की मोहन कॉलोनी में मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने घर के बाहर खेल रही 6 साल की बच्ची को कुचल दिया. हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रैक्टर के दोनों पहिये बच्ची के ऊपर से गुजर गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

मिली जानकारी के मुताबिक मोहन कॉलोनी निवासी फिरोज की 6 साल की बेटी जोया अपनी एक सहेली के साथ घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान गली से मिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में आया और बच्ची को टक्कर मारते हुए उसके ऊपर चढ़ गया. दूसरी बच्ची बाल-बाल बच गई, लेकिन जोया की मौके पर ही जान चली गई.

बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पूरे इलाके में मातम का माहौल है.

रोज गुजरते हैं तेज रफ्तार ट्रैक्टर
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी की गली से रोजाना अवैध मिट्टी से भरे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में निकलते हैं. कई बार ट्रैक्टर चालकों को समझाया भी गया, लेकिन वे नहीं माने. उल्टा समझाने पर गाली-गलौज करने लगते हैं.

हादसे के बाद लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया था, लेकिन आरोप है कि उसके साथी अवैध हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए और उसे छुड़ाकर ले गए. इसके बाद कॉलोनी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर हंगामा किया.

पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सीओ कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही डीएसटी टीम, निहालगंज, कोतवाली और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया.

मासूम बच्ची के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है और आरोपी की पहचान कर ली है. मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल है. लोग अवैध खनन और बेलगाम ट्रैक्टर चालकों पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो.