भीषण गर्मी के बीच राहतभरी खबर, राजस्थान में तय समय से पहले दस्तक मानसून

Rajasthan Weather News: जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मानसून की एंट्री को लेकर राहतभरी खबर सामने आ रही है। माना जा रहा है कि इस बार राजस्थान में मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। वैसे तो राजस्थान में मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार मानसून की 5 दिन पहले पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। तय समय से पहले बारिश होने से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी और किसानों के लिए वरदान साबित होगी।

दरअसल, मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान के अनुसार इस बार मानसून 1 जून की सामान्य तिथि से 5 दिन पहले 26 मई को केरल तट पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम प्रणालियां मानसून की प्रगति के अनुकूल बनी है। ऐसे में 24 घंटे के अंदर दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर व अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून की प्रगति होगी।

जानें राजस्थान में कब हुआ मानसून का प्रवेश और विदाई

साल मानसून की एंट्री मानसून की विदाई
2025 18 जून 14 सितंबर
2024 25 जून 23 सितंबर
2023 25 जून 25 सितंबर
2022 30 जून 20 सितंबर
2021 18 जून 17 सितंबर
2020 24 जून 28 सितंबर
2019 2 जुलाई 9 अक्टूबर
2018 27 जून 29 सितंबर
2017 27 जून 15 सितंबर
2016 22 जून 15 सितंबर
2015 26 जून 29 सितंबर

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में मॉडल त्रुटि के 4 दिन कम और 4 दिन ज्यादा की संभावना भी बताई है। हालांकि, पिछले 21 साल में (2005-2025) के दौरान केरल में मानसून आगमन को लेकर आइएमडी के 2015 को छोड़कर सभी पूर्वानुमान सही साबित हुए हैं। अगर केरल तट पर मानसून 5 दिन पहले पहुंचता है तो साफ है कि राजस्थान में भी 5 दिन पहले यानी 20 जून से बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। पिछले 6 साल की बात करें तो सिर्फ एक बार ही साल 2022 में ऐसा रहा, जब राजस्थान में मानसून की समय से 5 दिन लेट एंट्री हुई थी।

11 साल में एक बार ही जुलाई में मानसून की एंट्री
पिछले 11 साल की बात करें तो एक बार ही ऐसा हुआ है, जब राजस्थान में मानसून की एंट्री जुलाई महीने में हुई। इसके अलावा हर साल जून महीने में ही राजस्थान में मानसून ने प्रवेश किया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 2015 में 26 जून, 2016 में 22 जून, 2017 में 27 जून, 2018 में 27 जून, 2019 में 2 जुलाई, 2020 में 24 जून, 2021 में 18 जून, 2022 में 30 जून, 2023 में 25 जून, 2024 में 25 जून और 2025 में 18 जून को राजस्थान में मानसून का प्रवेश हुआ था।