भीषण गर्मी के बीच आ गया बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

जयपुर: अप्रैल का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है और उत्तर भारत ने ‘मई-जून’ जैसी तपिश महसूस करना शुरू कर दिया है। मरुधरा की माटी इस वक्त आग उगल रही है। राजस्थान का श्रीगंगानगर 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे भारत का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है, जिसने नेशनल वेदर चार्ट पर राजस्थान को ‘रेड जोन’ में ला खड़ा किया है। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के लिए राहत की खबर भी सामने आई है।

देश का सबसे गर्म कोना श्रीगंगानगर 44.5°C
जयपुर मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में गर्मी ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड को चुनौती दी है। श्रीगंगानगर में पारा 45 डिग्री के बेहद करीब पहुंच गया है, जिससे वहां ‘सीवियर हीटवेव’ जैसे हालात हैं। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, जो आमतौर पर जून के महीने में देखने को मिलता है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस लाएगा राहत की ‘फुहार’
राहत की बात यह है कि उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक के अनुसार, कल यानी 25 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलेगा। शनिवार की शाम से कुछ जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और हल्की ठंडी हवाओं का चलाना शुरू हो जाएगा।

26 से 28 अप्रैल: बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ बेल्ट में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है।
हल्की बारिश: मेघगर्जन के साथ प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इससे पारा 2-3 डिग्री गिरेगा, जो लू से अस्थायी लेकिन जरूरी राहत प्रदान करेगा।

प्रमुख शहरों का पारा: टॉप-10 की सूची
राजस्थान के अन्य प्रमुख शहरों में भी गर्मी का टॉर्चर जारी है। यहां देखें शुक्रवार के टॉप रिकॉर्ड्स-

शहर अधिकतम तापमान (°C) स्थिति
श्रीगंगानगर 44.5° देश में नंबर-1
कोटा 43.0° भीषण लू
चूरू 42.6° लू का प्रकोप
चित्तौड़गढ़ 42.5° सामान्य से अधिक
बीकानेर 41.5° तपिश बरकरार
जैसलमेर 41.5° गर्म हवाएं
पिलानी 40.8° लू
धौलपुर 40.5° उमस भरी गर्मी
जयपुर 39.6° गर्म रातें
जोधपुर 39.4° सामान्य

मौसम विभाग ने नैशनल हेल्थ एडवायजरी जारी करते हुए लोगों को सिर ढककर निकलने और निर्जलीकरण से बचने के लिए तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने को कहा है।