Bhiwadi Knife Attack: औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरती नजर आ रही है. शहर में पिछले 24 घंटों के भीतर चाकूबाजी और मारपीट की तीन बड़ी घटनाओं ने आमजन को दहशत में डाल दिया है. बदमाशों में पुलिस का खौफ इस कदर खत्म हो चुका है कि वे मामूली विवाद पर भी जानलेवा हमला करने से नहीं चूक रहे हैं.
फल के पैसे मांगे तो पेट में घोंपा चाकू
ताजा मामला शनिवार देर शाम हरचंदपुर गांव के चौक पर सामने आया. फल विक्रेता कुलदीप ने जब एक ग्राहक से अपने फलों के पैसे मांगे, तो आरोपी आगबबूला हो गया. बता दें कि पैसे देने के बजाय आरोपियों ने कुलदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी और इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसके पेट में चाकू मार दिया.सूचना मिलने पर यूआईटी फेज थर्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मोबाइल स्नैचरों ने नाबालिग की गर्दन रेती
अपराध का दूसरा खौफनाक मंजर फूलबाग थाना इलाके में देखने को मिला. यहां मोबाइल छीनने के इरादे से आए बदमाशों ने एक 17 वर्षीय नाबालिग को अपना निशाना बनाया. लूट का विरोध करने पर बेखौफ स्नैचरों ने नाबालिग की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए.
व्यापारी पर भी जानलेवा हमला
तीसरी घटना यूआईटी फेज थर्ड थाना क्षेत्र की ही है, जहां एक व्यापारी पर कुछ अज्ञात लोगों ने घात लगाकर हमला किया. इस हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है.
दहशत में शहरवासी
एक ही दिन में तीन हिंसक वारदातों ने भिवाड़ी पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरेआम हिंसा और चाकूबाजी की घटनाओं से अब शाम के समय बाजारों में निकलना भी दूभर हो गया है.