बैंक में बहन का कंकाल लेकर पहुंचा भाई, घटना सुन भड़के राजस्थान के कृषि मंत्री

भुवनेश्वर। ओडिशा के केंदुझर जिले से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। जमा राशि निकालने के लिए एक आदिवासी युवक को अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचना पड़ा। इस मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है।

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे सभ्य समाज पर ‘कलंक’ करार दिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए अपने एक महीने का वेतन देने की घोषणा की है। साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृत्यु प्रमाण के लिए कंकाल लेकर पहुंचा बैंक
जानकारी के अनुसार, पटना ब्लॉक के एरेंडेई पंचायत अंतर्गत डिआनाली गांव निवासी जितु मुंडा अपनी बहन की मृत्यु के बाद बैंक से जमा राशि निकालना चाहता था। आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने उससे लगातार दस्तावेजों की मांग कर उसे परेशान किया। मजबूर होकर वह अपनी बहन का कंकाल लेकर पटना थाना क्षेत्र के मल्लिपशी स्थित ओडिशा ग्रामीण बैंक पहुंच गया, ताकि मृत्यु का प्रमाण दे सके।

वीडियो वायरल, हर तरफ आक्रोश
इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म पर वीडियो साझा करते हुए मंत्री मीणा ने कहा कि यह घटना गरीबों के साथ हो रहे अन्याय को उजागर करती है।

सीएम से कार्रवाई की मांग
मंत्री ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।

‘दुख की घड़ी में साथ खड़ा रहना कर्तव्य’
मीणा ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के दुख में सहभागी हैं और इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा होना अपना कर्तव्य मानते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही उनका एक महीने का वेतन पीड़ित परिवार तक पहुंचा दिया जाएगा।