राजस्थान समेत 5 राज्यों में सुबह-शाम की सर्दी: 11 जिलों में पारा 10°C से नीचे; चेन्नई में कोहरा, 3 फ्लाइट डायवर्ट

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के किसी भी राज्य में रविवार के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल में हुई बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के सभी राज्यों में अभी भी सर्दी का असर है।

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और चंडीगढ़ में सुबह और शाम सर्दी हो रही है। जबकि दिन के समय कई जिलों में पारा 30° का आंकड़ा पार कर रहा है। इन राज्यों में फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है।

हालांकि मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदल गया है। 11 जिलों में टेंपरेचर 10 डिग्री से कम रहा। उमरिया सबसे सर्द शहर रहा, जहां पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर समेत बाकी जिलों में सुबह-शाम ही सर्दी पड़ रही है।

रविवार को चेन्नई में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रही। सुबह 9 बजे तक कोहरा छाए रहने के कारण 3 फ्लाइट्स को तिरुचिरापल्ली डायवर्ट करना पड़ा। चेन्नई में कोहरे का कारण ज्यादा नमी, धीमी रफ्तार की हवाएं और रात के समय कम तापमान था।

हिमालयी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 9 फरवरी से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया है। 10 फरवरी को दोनों ही प्रदेशों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

अगले दो दिन का मौसम…

8 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी या बारिश की संभावना कम, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा।
9 फरवरी: हिमाचल प्रदेश में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस रात से प्रभावी होगा, ऊपरी इलाकों बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा सुबह कम हो सकता है।