Rajasthan fog: राजस्थान में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन इन दिनों घना कोहरा सबसे बड़ी मुसीबत बना हुआ है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तर दिशा की हवाएं कमजोर पड़ी हैं, जिससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है. लेकिन अलवर, धौलपुर, भरतपुर जैसे जिलों में कोहरा छाया रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने 22 और 23 दिसंबर को 10 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है.
धौलपुर में कोहरे से बड़ा हादसा
शुक्रवार देर रात धौलपुर जिले के टिहरी गांव के पास कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बहुत कम हो गई. इसी कारण पार्वती नदी के पुल पर दो कारें अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरीं. गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस और लोकल लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य किया. कोहरे के चलते ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं, इसलिए ड्राइवरों को सलाह है कि सुबह-शाम हेडलाइट्स जलाकर और धीमी रफ्तार से गाड़ी चलाएं.
शेखावाटी और भरतपुर में कोहरा छाया
शनिवार सुबह भी शेखावाटी क्षेत्र और भरतपुर संभाग में हल्का से घना कोहरा रहा. नेशनल और स्टेट हाईवे पर ट्रैफिक सुबह कम रहा, क्योंकि विजिबिलिटी महज 50-100 मीटर तक सिमट गई थी. सुबह-शाम सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है. मौसम विभाग का कहना है कि 24 दिसंबर (क्रिसमस) से उत्तर की ठंडी हवाएं फिर तेज होंगी, जिससे तापमान गिरेगा और सर्दी अपना पूरा रंग दिखाएगी.
भिवाड़ी की हवा फिर जहरीली
दिल्ली के आसपास प्रदूषण का असर राजस्थान पर भी पड़ रहा है. शनिवार सुबह भिवाड़ी में AQI 300 के पार पहुंच गया, जो ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में आता है. जयपुर, बीकानेर, टोंक, चूरू और जोधपुर में भी AQI 200 से ऊपर रहा. PM2.5 के कणों की वजह से सांस की दिक्कतें बढ़ रही हैं. विशेषज्ञों की सलाह है कि बाहर निकलते समय मास्क पहनें और संवेदनशील लोग घर में रहें.