राजस्थान में स्कूलों की 13 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक दिवाली की छुट्टियां

सीकर. राजस्थान में दीपावली की रौनक के साथ ही स्कूलों में भी त्योहारों का माहौल देखने को मिल रहा है. शिक्षा विभाग के आदेशानुसार, आज 13 अक्टूबर से प्रदेशभर के सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश शुरू हो गया है. यह अवकाश लगातार 24 अक्टूबर तक रहेगा. इस अवधि में किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि नहीं होगी, यानी 25 अक्टूबर को स्कूलों में फिर घंटी बजेगी.

शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग के अनुसार, इस बार अवकाश की तिथियों में बदलाव किया गया है. पहले यह 16 से 27 अक्टूबर तक निर्धारित था, लेकिन राज्य सरकार ने त्योहारों के बीच बेहतर तालमेल के लिए इसे तीन दिन पहले शुरू करने का निर्णय लिया. इसका उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को अपने परिवारों के साथ दीपावली का पर्व पूरी तरह मनाने का पर्याप्त समय देना है, खासकर उन शिक्षकों और विद्यार्थियों को जो दूर-दराज के क्षेत्रों से आते हैं.

आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि 13 से 24 अक्टूबर तक घोषित अवकाश के दौरान किसी भी प्रकार की कक्षा संचालित नहीं होगी. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि किसी निजी विद्यालय में अवकाश के दौरान कक्षाएं संचालित करने की शिकायत मिली, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि अवकाश का मुख्य उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को त्योहारी समय में आराम और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर देना है.

26 अक्टूबर को रविवार- उपस्थिति सीमित रहने की संभावना
राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए दीपावली अवकाश इस बार 20 अक्टूबर को रहेगा, जबकि स्कूल अवकाश 24 अक्टूबर तक है. 25 अक्टूबर को स्कूल खुलने के बाद 26 अक्टूबर रविवार होने के कारण प्रभावी रूप से केवल एक दिन ही कार्यदिवस रहेगा. अधिकारियों का अनुमान है कि कई विद्यार्थी और शिक्षक अपने गांवों से लौटेंगे, इसलिए इस दिन उपस्थिति सीमित रहने की संभावना है. हालांकि, सभी कर्मचारियों को 25 अक्टूबर को अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति देनी होगी.