राजस्थान में तेज बारिश के साथ गिरे ओले, 16 जिलों में अलर्ट जारी

Rajasthan Weather: राजस्थान में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने गेहूं-चने की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. शाहपुरा में सर्वाधिक 45mm बारिश दर्ज हुई. मौसम विभाग ने आज 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, हालांकि 10 अप्रैल से तापमान बढ़ने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

राजस्थान में मार्च-अप्रैल की गर्मी के बीच मौसम के मिजाज ने सबको चौंका दिया है. प्रदेश के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने जहां एक ओर तापमान गिराकर ठंड का अहसास करा दिया है, वहीं दूसरी ओर पकी-कटाई को तैयार खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है.

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है. जिसके लिए सवाईमाधोपुर, अलवर, भरतपुर, करौली और धौलपुर में ऑरेंज अलर्ट (मध्यम बारिश) जारी किया गया है. इन जगहों पर मेघगर्जन के साथ अच्छी बारिश की संभावना है.

पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश का अधिकतम तापमान 30°C के नीचे लुढ़क गया है. तो वहीं सर्वाधिक बारिश पिछले 24 घंटों में जयपुर के शाहपुरा में 45mm बारिश दर्ज की गई. और पिलानी में न्यूनतम तापमान 14.2°C रहा, जो सामान्य से काफी कम है. वहीं चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 36.6°C रिकॉर्ड किया गया.

शेखावाटी और जयपुर संभाग में हुई बेमौसम बारिश किसानों के लिए आफत बनकर आई है. बता दें कि सीकर और नीमकाथाना क्षेत्र में रातभर हुई बारिश और ओलों से गेहूं व चने की फसलें खेतों में बिछ गई हैं. किसानों को डर है कि भीगने से अनाज की चमक और गुणवत्ता खराब हो जाएगी. जिससे कटी हुई फसलें पानी में डूबने से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं.

जयपुर, सीकर, बीकानेर, कोटा, जोधपुर, उदयपुर और भीलवाड़ा सहित 16 जिलों में हल्की बारिश और गर्जना हो सकती है. जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट (हल्की बारिश) जारी किया है.

राहत की बात यह है कि विक्षोभ का असर अब कम होने वाला है. बता दें कि 9 अप्रैल से राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. तो वहीं 10 अप्रैल से सूरज के तेवर फिर तीखे होंगे और तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.