राजस्थान में आंधी-बारिश का कहर, हादसों में पांच लोगों की मौत

जयपुर। राजस्थान के अलग-अलग जिलों में गुरूवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक बारिश और तूफान का दौर जारी रहा। बारिश और धूलभरी हवाओं के तूफान के कारण हुए विभिन्न हादसों से राज्य के अलग-अलग जिलों में पांच लोगों की मौत हुई है।

भरतपुर जिले के झोरोल गांव में गुरूवार देर रात बारिश और तूफान के कारण एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई। हादसे में दीवार के निकट सो रहे मां और बेटे की मौत हो गई। दोनों पर दीवार का मलबा गिर गया।

वहीं, भीलवाड़ा जिले बिजौलिया में तूफान के कारण एक घर की छत पर लगी लोहे की चादर उड़ गई। उड़ी हुई लोहे की चादर से गांव में ही घर के बाहर पानी पी रहे एक व्यक्ति की गर्दन कट गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

धौलपुर जिले के बसेड़ी में तूफान के कारण एक दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दबने से दो भाईयों की मौत हो गई। उधर बीकानेर जिले के गारबदेसर गांव में स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक स्कूल के एक कमरे की छत गिर गई। कमरे के अंदर रखा फर्नीचर छत टूटने से क्षतिग्रस्त हो गया।

राज्य के सरकारी स्कूलों में इन दिनों ग्रीष्मावकाश होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। गुरूवार रात से प्रारंभ हुआ बारिश का दौर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तक जारी रहा । इस दौरान रूक-रूक कर बारिश होती रही। शुक्रवार को दिनभर लोग उमस से परेशान रहे।