राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में शनिवार सुबह से ही बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने राज्य के 23 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम में आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं कई जिलों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि जैसलमेर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा।
जयपुर समेत कई जिलों में सुबह से बारिश
राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह अधिकांश इलाकों में बारिश हुई। करीब 10 मिनट तक हुई बरसात के बाद मौसम सुहावना हो गया। शहर में घने बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार रात को भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई थी, जिसके कारण रात के तापमान में भी मामूली कमी आई।
भीलवाड़ा में बिजली गिरने से महिला और छात्रा घायल
भीलवाड़ा जिले के आसींद क्षेत्र में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक महिला और एक छात्रा घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार परा के कुमलाई गांव निवासी लाडू देवी (40) और पड़ोस में रहने वाली कनू कुमारी (14) पर बिजली गिर गई। हादसे के बाद दोनों को तत्काल आसींद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। शनिवार सुबह भी जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई और मौसम ठंडा हो गया।
सीकर में 76 एमएम बारिश, तापमान में बड़ी गिरावट
शेखावाटी क्षेत्र में मौसम परिवर्तन का सबसे अधिक असर सीकर जिले में देखने को मिला। शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक जिले में 76 एमएम से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई, जो तीन इंच के करीब है। भारी बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से घटकर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
श्रीगंगानगर और चूरू में गिरे ओले
शुक्रवार को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर और चूरू जिलों के कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। श्रीगंगानगर और चूरू के सरदारशहर क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। वहीं हनुमानगढ़ में भी देर शाम मौसम का मिजाज बदला और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
दौसा, बूंदी और बारां में भी बदला मौसम
दौसा जिले में शनिवार सुबह से घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने जिले के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार देर रात अंधड़ और हल्की बारिश के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सवाई माधोपुर, बूंदी और बारां जिलों में भी बादल छाने और हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया।
जैसलमेर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदलने के बावजूद पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बरकरार है। पिछले 24 घंटों के दौरान जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा। हालांकि गुरुवार की तुलना में तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा फलोदी में 43.8 डिग्री, फतेहपुर में 43 डिग्री, बाड़मेर में 42.7 डिग्री, बीकानेर में 42.4 डिग्री और चूरू में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। विभाग ने 23 जिलों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव से अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।