राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सामने आया एक सनसनीखेज लव क्राइम मर्डर केस रिश्तों के भरोसे को झकझोर देने वाला है। शादी के महज तीन महीने बाद ही एक पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की नृशंस हत्या करवा दी। आरोपियों ने युवक को बीच सड़क लाठी-डंडों से पीटा, फिर मफलर से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद वारदात को लूट या एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में साजिश बेनकाब हो गई।
घटना श्रीगंगानगर के रावला थाना क्षेत्र की है। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य साथियों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सड़क किनारे बेहोश मिले थे पति-पत्नी
30 जनवरी की रात करीब 9 बजे रावला थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव 01 केएलएम से गुजरने वाली सड़क पर एक युवक और महिला बेहोशी की हालत में पड़े हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक की पहचान आशीष कुमार (27) पुत्र रामरत्न निवासी गांव 01 केएलएम और महिला की पहचान उसकी पत्नी अर्जु उर्फ अंजली (23) के रूप में हुई। दोनों को तत्काल रावला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंजली को प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध एक्सीडेंट का बताया गया। परिजनों ने भी अज्ञात वाहन से टक्कर लगने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, लेकिन घटनास्थल और हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे थे।
तीन महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी थी नाखुश
पुलिस जांच में सामने आया कि आशीष एक प्राइवेट स्कूल में टीचर था और उसने महज तीन दिन पहले ही नौकरी जॉइन की थी। आशीष की शादी तीन महीने पहले सादुलशहर निवासी अंजली से हुई थी। शादी के बाद से ही अंजली इस रिश्ते से खुश नहीं थी। कुछ ही दिनों में वह मायके लौट गई, जहां उसने अपने पुराने प्रेमी संजय उर्फ संजू (25) निवासी जगदंबा कॉलोनी, श्रीगंगानगर से दोबारा संपर्क साध लिया।
यहीं से हत्या की साजिश रची गई। अंजली और संजय ने मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। साजिश के तहत अंजली दोबारा ससुराल लौट आई और मौका तलाशने लगी।
घूमने के बहाने सुनसान सड़क पर ले गई पति को
30 जनवरी की रात खाना खाने के बाद अंजली ने आशीष से घूमने चलने की बात कही। दोनों गांव से बाहर सुनसान सड़क की ओर निकले। उसी दौरान अंजली ने अपने प्रेमी संजय को फोन कर लोकेशन बता दी। संजय अपने दो साथियों रोहित उर्फ रॉकी (20) निवासी सादुलशहर और बादल उर्फ सिद्धार्थ (20) निवासी जगदंबा कॉलोनी को साथ लेकर आशीष के घर से करीब 200 मीटर दूर सड़क किनारे झाड़ियों में छुप गया।
जैसे ही अंजली पति आशीष को वहां लेकर पहुंची, उसने इशारा किया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने आशीष पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर पिटाई से आशीष बेहोश हो गया, इसके बाद आरोपियों ने मफलर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
लूट दिखाने के लिए मोबाइल और झुमके दिए
हत्या के बाद अंजली ने साजिश को अंजाम देने के लिए आशीष का मोबाइल फोन और अपने कानों के झुमके प्रेमी और उसके साथियों को दे दिए, ताकि मामला लूट या सड़क हादसे का लगे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और अंजली खुद सड़क किनारे बेहोश होने का नाटक करती रही।
पुलिस की पूछताछ में खुला राज
पुलिस को शुरुआत से ही घटना संदिग्ध लगी। चोटों के निशान और घटनाक्रम मेल नहीं खा रहे थे। शक के आधार पर जब पुलिस ने अंजली से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा सच सामने आ गया। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी संजय, रोहित और बादल को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि यह मामला लव अफेयर और अवैध संबंधों के चलते रची गई सुनियोजित हत्या का है। फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।