जयपुर। राजस्थान पुलिस ने दो दिवसीय विशेष नाकाबंदी अभियान में 727 चेकपोस्ट बनाकर हजारों वाहनों की जांच की। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों, अवैध हथियार, शराब और बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 150 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया।
राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए दो दिवसीय सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में 727 नाकाबंदी पॉइंट्स बनाकर हजारों वाहनों की जांच की गई।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार पहले दिन जयपुर, जोधपुर और बीकानेर रेंज में तथा दूसरे दिन भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में अभियान चलाया गया। इस दौरान 16 हजार 676 दोपहिया और 18 हजार 795 चारपहिया वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 262 लोगों के चालान काटे गए। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1173, बिना सीट बेल्ट 1213 और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करने वाले 75 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ब्लैक फिल्म और नियमों के विपरीत नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी शिकंजा कसा। नंबर प्लेट से जुड़े 857 और ब्लैक फिल्म के 739 मामले दर्ज किए गए। कुल मिलाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 7185 कार्रवाई की गईं।
रेंजवार कार्रवाई में जोधपुर रेंज सबसे आगे रही, जहां 1633 मामले दर्ज हुए। उदयपुर में 1583 और जयपुर रेंज में 1094 मामलों में कार्रवाई हुई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब और अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की। एक्साइज एक्ट में 53 और आर्म्स व एनडीपीएस एक्ट में 10-10 एफआईआर दर्ज की गईं। इस दौरान विभिन्न मामलों में 150 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कोटा रेंज में अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए करीब 75 टन काली बजरी, कई डंपर, ट्रैक्टर और ट्रेलर जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।