अलवर. एक ओर जहां आईएएस अधिकारी केके विश्नोई और अंशिका वर्मा की शादी शाही अंदाज, भव्य समारोह और चर्चाओं के बीच सुर्खियों में रही, वहीं दूसरी ओर 2023 बैच के आईएएस अधिकारी माधव भारद्वाज और अदिति वासने ने सादगी से शादी कर मिशाल पेश करते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
माधव भारद्वाज और अदिति वासने ने राजस्थान के अलवर जिले के मिनी सचिवालय में विगत 19 फरवरी को बेहद सादगीपूर्ण तरीके से विवाह संपन्न किया. इस दौरान किसी भी तरह का पारंपरिक शोर-शराबा, बैंड-बाजा या ढोल-नगाड़ों का उपयोग नहीं किया गया. न ही कोई भव्य आयोजन या बड़ी भीड़ देखने को मिली. पूरा समारोह बेहद सीमित और पारिवारिक माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसने इसे और भी खास बना दिया.
कलेक्टर के समक्ष सादगी से अपनी शादी का कराया पंजीकरण
दोनों अधिकारियों ने जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ला के समक्ष अपनी शादी का पंजीकरण कराया. यह पूरी प्रक्रिया बेहद सादगी भरे अंदाज में पिछले 19 फरवरी को संपन्न हुआ. इस मौके पर केवल दोनों परिवारों के माता-पिता और भाई-बहन ही मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम की सादगी और अधिक उभरकर सामने आई. माधव भारद्वाज वर्तमान में अलवर जिले में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी जीवनसंगिनी अदिति वासने गुजरात के जामनगर में एसडीएम के पद पर तैनात हैं. दोनों ही अधिकारी अपने-अपने प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त रहते हुए भी निजी जीवन के इस महत्वपूर्ण निर्णय को सरल और संतुलित तरीके से लेने के लिए जाने जा रहे हैं.
ऐसे शुरू हुई थी IAS-IPS अधिकारियों की लव स्टोरी
उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली अदिति वार्ष्णेय और मसूरी निवासी माधव भारद्वाज की मुलाकात लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में आईएएस ट्रेनिंग के दौरान हुई थी. ट्रेनिंग के दौरान वहीं दोनों दोस्ती बने और फिर दोस्ती प्रेम में तब्दील हो गई. वहीं आईपीएस अंशिका वर्मा और केके विश्नोई की लव स्टोरी यूपी के गोरखपुर से शुरू हुई थी. साल 2023 में केके बिश्नोई एसपी सिटी की सेवा दे रहे थे. वहीं अंशिका वर्मा से उनकी मुलाकात हुई थी.एक तरफ जहां आईएएस जोड़े ने सादगी से तो दूसरी ओर आईपीएस जोड़े ने शाही अंदाज में शादी की.
IPS केके विश्नोई और अंशिका वर्मा शादी ने खूब बटोरी सूर्खियां
इसके विपरीत, हाल ही में आईएएस अधिकारी केके विश्नोई और अंशिका वर्मा की शादी अपने भव्य आयोजन और शाही अंदाज के कारण काफी चर्चा में रही थी. उस विवाह समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान, आकर्षक सजावट, पारंपरिक संगीत सहित भव्य आयोजन देखने को मिली थीं. सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर खूब चर्चा हुई थी. हालांकि केके विश्नोई ने भी शगुन में सिर्फ 1 रुपया लिया. आईपीएस केके विश्नोई और अंशिका वर्मा ने भी अपनी शादी में परंपराओं का सम्मान किया.
वहीं, माधव भारद्वाज और अदिति वासने ने सादगी से विवाह कर एक अलग ही संदेश दिया. दोनों ने दिखाया कि विवाह जैसे पवित्र बंधन की खूबसूरती भव्यता या दिखावे में नहीं, बल्कि आपसी समझ, विश्वास और सादगी में निहित होती है. दोनों ने यह भी दिखाया कि उच्च पदों पर रहते हुए भी व्यक्तिगत जीवन को सरल और मर्यादित रखा जा सकता है.