Sikar News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा आज सीकर 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले सुशासन दिवस समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करने भाजपा कार्यालय पहुंचे. इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने विधायक निधि में भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि तीन विधायकों के खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन सामने आया है. यह स्थिति लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा राजस्थान विधानसभा की एक कमेटी पूरे मामले की जांच कर रही है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की एक हाई लेवल कमेटी भी गठित की है जो पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी.
राजस्थान मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है, जब उन्हें उचित लगेगा, तब यह निर्णय लिया जाएगा. प्रदेश में होने वाले नगर निकाय चुनावों को लेकर मंत्री ने कहा कि ये चुनाव ‘एक राज्य–एक चुनाव’ के तहत ही कराए जाएंगे. इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की राजनीतिक आरक्षण रिपोर्ट आना जरूरी है. इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव की तैयारियां करेगा.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा सरकार के दो साल के कार्यकाल को शून्य बताए जाने पर झाबर सिंह खर्रा ने पटवार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के दो साल के कामकाज की तुलना कांग्रेस के पांच साल के शासन से की जानी चाहिए. सरकार ने अपने कार्यों के आंकड़े सार्वजनिक रूप से रखे हैं. विपक्ष उन आंकड़ों को पढ़े और यदि कोई कमी हो तो उस पर चर्चा करे, केवल बयानबाजी से सच्चाई नहीं बदलती.
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाने का निर्णय सरकार ने लिया है. इसी क्रम में भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई. 25 दिसंबर को सांसद खेल प्रतियोगिताओं का समापन होगा, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को बाल दिवस मनाने का निर्णय प्रधानमंत्री द्वारा लिया गया है. यह दिन सिख गुरुओं के तीन साहिबजादों (जिनकी उम्र 9 और 11 वर्ष थी) की शहादत की स्मृति में मनाया जाएगा, जिन्हें धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर अमानवीय अत्याचार सहते हुए जिंदा दीवारों में चुन दिया गया था. इसका उद्देश्य देश की भावी पीढ़ी तक इतिहास की सही जानकारी पहुंचाना है. इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, महामंत्री तेज प्रकाश सैनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.