राजस्थान में अब सरकारी स्कूलों में भी जगमगाएगी दिवाली!

Jaipur News: राजस्थान में इस बार दीपावली का पर्व राजस्थान के सरकारी स्कूलों के लिए बेहद खास होने वाला है. शिक्षा विभाग ने एक अनूठी पहल करते हुए सभी राजकीय विद्यालयों में रोशनी, सजावट और स्वच्छता का विशेष अभियान शुरू किया है. अब सरकारी स्कूल भी दिवाली के उल्लास में जगमगाते नजर आएंगे.

शिक्षा विभाग की अनोखी पहल
शिक्षा विभाग ने दिवाली से ठीक पहले सभी सरकारी स्कूलों में व्यापक स्तर पर रंग-रोगन और मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया है. स्कूलों को एक नया और आकर्षक रूप देने के लिए एक जैसी रंग योजना अपनाई जा रही है, जिसमें आइवरी (Ivory) रंग की दीवारें और ब्राउन रंग के खिड़की-दरवाजे शामिल हैं. शिक्षा निदेशक सीताराम जाट के निर्देशों के अनुसार, अब पंचायतों के सहयोग से सभी स्कूलों में विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी. विद्यालय परिसर में पारंपरिक दीये और लाइटें जगमगाएंगी, जिससे पूरे स्कूल में दीपावली का उल्लास फैल सके.

सामूहिक उत्सव और सकारात्मक संदेश
शिक्षा विभाग का यह कदम सिर्फ सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सकारात्मक संदेश छिपा है- यह पहल बच्चों में त्योहारों के प्रति उत्साह और सामूहिक उत्सव की भावना को बढ़ाएगी. प्रकाश के साथ-साथ स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि स्कूल सिर्फ चमकें ही नहीं, बल्कि स्वच्छता और एकता का संदेश भी दें. यह पहला मौका है जब हर स्कूल को रोशन करने का फैसला किया गया है, जिससे बच्चों में राष्ट्रप्रेम और सामूहिक उत्सव की भावना को बल मिलेगा. इस बार दीपों का यह पर्व न केवल हर घर में, बल्कि राजस्थान के हर सरकारी स्कूल में भी एक नए उजाले और नई सोच के साथ मनाया जाएगा.