राजस्थान में महिलाओं के साथ बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाओं से घिरी पुलिस

जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं. शहर में दो डरावनी वारदात सामने आई हैं. पहली वारदात 25 मार्च की है जब एक गर्भवती महिला पैदल जा रही थी तब एक मनचले ने छेड़छाड़ की. पीड़ित महिला पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. छेड़छाड़ के सीसीटीवी फुटेज रविवार को वायरल हुए तो आनन फानन में दो पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया. दूसरी घटना 27 दिसंबर की है. इस वारदात का वीडियो तीन दिन पहले सामने आया. इसमें दो मनचले बाइक पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं और दूसरी बाइक पर दो युवक छेड़छाड़ की रील बना रहे हैं.

रविवार को जयपुर के पुलिस कमिश्नर दफ्तर से महिला सुरक्षा के लिए 5 नई महिला पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर शुरु किया गया. 1090 हेल्पलाइन पर किसी महिला के छेड़छाड़ या परेशान करने की शिकायत आने पर ये पीसीआर वैन तुंरत मौके पर पहुंचेगी. सुबह 7 बजे से लेकर रात 11 बजे तक ये महिला पीसीआर शहर में गश्त करेगी. लेकिन इस महिला पीसीआर के शुरू करने के कुछ ही मिनट बाद सोशल मिडिया पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला विडियो वायरल होने लगा.

वायरल वीडियो ने किया शर्मसार
यह वीडियो था एक गर्भवती महिला का. वह शहर के मालवीय नगर में अकेले पैदल चल रही थी कि अचानक एक युवक उसका पीछा करता है और फिर छेड़छाड़ की ऐसी शर्मनाक हरकत करने लगता है कि महिला घबरा जाती है. 25 मार्च शाम को महिला वारदात की शिकार होती है दूसरे दिन 26 मार्च को महिला मालवीय नगर थाना पहुंचती शिकायत लेकर. पुलिस शिकायत तो ले लेती लेकिन आरोपी को नहीं पकड़ा. जैसे ही रविवार को इसका विडियो वायरल हुआ आरोपी की तलाश के लिए टीम गठन किया गया. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपी एक स्पा सेंटर में काम करता है.

तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुआ एक्शन
लापरवाही के लिए के सब इंसपेक्टर महेश चंद्र और हैड कांस्टेबल अंगदराम को सस्पेंड कर दिया गया और थानाधिकारी आशुतोष को चार्जशीट थमा दी गई. रविवार को ही पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उनमें से लंगड़ाकर चल रहे दो आरोपियों मनराज और सुदामा मीणा ने जयपुर में बाइक पर जा रही एक युवती के साथ छेड़छाड़ की. फिर दूसरी बाइक पर सवार दूसरे दो आरोपियों महेश और लोकेश बंजारा ने छेड़छाड़ का विडियो बनाया और सोशल मिडिया पर वायरल किया.

गहलोत ने दी सीएम को गृह मंत्रालय छोड़ने की सलाह
विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने ट्वीट कर डीजीपी से पूछा कि जब महिला छेड़छाड़ के बाद 26 मार्च को थाने पहुंची तो पुलिस एफाईआर क्यों नहीं दर्ज की थी? छेड़छाड़ का विडियो वायरल होने के बाद 12 अप्रेल को केस दर्ज किया गया. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तो सीएम भजनलाल शर्मा को गृह मंत्री का पद छोड़ने की सलाह तक दे डाली. कहा सीएम कानून व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं जिससे महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं.

गहलोत सरकार के कार्यकाल में रेप केसेज की बाढ़ आ गई थी
हालांकि महिलाओं के खिलाफ अपराध में पिछली अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में बाढ़ आ गई थी. तब लगातार महिलाओं के साथ बलात्कार के कई मामले सामने आने के बाद राजस्थान में महिला सुरक्षा राष्ट्रीय मुद्दा बन गया था. 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी महिला सुरक्षा के वादे के साथ सत्ता में आई थी. अशोक गहलोत की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार के हार की एक बड़ी वजह महिलाओं के खिलाफ अपराध थे. लेकिन जयपुर की दो घटनाएं भजनलाल सरकार के लिए भी खतरे की घंटी बन रही हैं.