जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी देवनानी की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सुबह वे अपने घर पर बेहोश मिलीं, जिसके बाद उन्हें तत्काल जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उनकी हालत को गंभीर बताते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा और आनन-फानन में मेडिकल ICU के बेड नंबर 8 पर भर्ती कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, इंद्रा देवी सुबह अचानक घर पर गिर पड़ीं और कुछ देर तक उन्हें होश नहीं आया। परिजनों ने तुरंत चिकित्सा सहायता के लिए उन्हें SMS अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के मेडिकल इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच की और पाया कि उनकी स्थिति गंभीर है। इसके बाद उन्हें तत्काल वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया ताकि उनकी सांस और हृदय की स्थिति स्थिर की जा सके। इस दौरान स्वयं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी अस्पताल में मौजूद रहे।
उन्होंने डॉक्टरों से लगातार संपर्क बनाए रखा और अपनी पत्नी के स्वास्थ्य को लेकर पल-पल की जानकारी ली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित की है। SMS मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. गिरधर गोयल, डॉ. अजीत सिंह और उप अधीक्षक डॉ. जगदीश मोदी सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक अस्पताल पहुंचे।
वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी के निर्देशन में एक मेडिकल बोर्ड गठित किया जा रहा है, जो इंद्रा देवी की स्थिति की गहन जांच और इलाज की रणनीति तैयार करेगा। डॉक्टरों के अनुसार, इंद्रा देवी की हालत फिलहाल गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। उन्हें लगातार डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रशासन ने उनकी चिकित्सा से संबंधित सभी प्रोटोकॉल को प्राथमिकता दी है। ICU वार्ड के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा और प्रबंधन के इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उपचार में न आए।
सूत्र बताते हैं कि करीब एक साल पहले भी इंद्रा देवी की तबीयत बिगड़ी थी, उस समय भी उन्हें कुछ दिनों के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। हालांकि, बाद में उनकी हालत में सुधार हो गया था। इस बार फिर से उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने से परिवार और समर्थकों में चिंता का माहौल है।