Rajasthan Weather Update: राजस्थान में फाल्गुन के महीने में ही गर्मी ने जेठ जैसा अहसास कराना शुरू कर दिया है. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक रहा. मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और अगले एक सप्ताह तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है.
Rajasthan Weather Update: आज चंद्र ग्रहण पड़ने वाला है. वहीं, दूसरी तरफ राजस्थान में फाल्गुन के महीने में गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है लेकिन मौसम का मिजाज जेठ जैसी तपिश का एहसास करा रहा है. फरवरी के अंतिम दिनों में ही प्रदेशभर में धूप के तेवर तीखे हो गए हैं. हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. समय से पहले बढ़ती गर्मी ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है. खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अधिक देखने को मिल रहा है, जहां दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल महसूस हो रहा है.
होली के दौरान सोमवार को पूरे प्रदेश में आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप खिली रही. मौसम शुष्क बना रहने से तापमान में और इजाफा हुआ. अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कहीं भी वर्षा या बादल जैसी कोई गतिविधि नहीं हुई. शुष्क मौसम के कारण अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान सामान्य से ऊपर चल रहे हैं.
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के लिहाज से काफी अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान के मामले में हिल स्टेशन माउंट आबू में 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. प्रदेश में आर्द्रता का स्तर भी अपेक्षाकृत कम रहा. औसत आर्द्रता 15 से 40 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई, जिससे तेज धूप का असर और अधिक महसूस हो रहा है. कम आर्द्रता और लगातार साफ मौसम ने गर्मी को और तीव्र बना दिया है.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है. उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में कुछ शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. यह वृद्धि होली के बाद और स्पष्ट रूप से नजर आएगी.
मार्च की शुरुआत से पहले ही प्रदेश में गर्मी ने अपने संकेत दे दिए हैं. यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में दिन के समय लू जैसे हालात बनने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. ऐसे में लोगों को धूप से बचाव के उपाय अपनाने और सतर्क रहने की जरूरत है.