राजस्थान विधानसभा को फिर मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

Rajasthan Assembly Bomb Threat: राजस्थान विधानसभा को शुक्रवार (24 अप्रैल) को एक और बम की धमकी मिली, जिससे परिसर में दहशत फैल गई और बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। विधानसभा सचिवालय को भेजे गए एक अंजान ईमेल में चेतावनी दी गई थी कि दोपहर करीब 1 बजे परिसर के अंदर एक बड़ा विस्फोट होगा, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत हरकत में आ गईं।

वहीं, अलर्ट मिलने के बाद पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई। परिसर में कमांडो और बम निरोधक दस्ते तैनात किए गए, वहीं डॉग स्क्वॉड ने आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। किसी भी खतरे की आशंका को दूर करने के लिए गार्डन, पार्किंग, गलियारे और ऑफिस की गहन जांच की गई।

कर्मचारियों को मेन गेट पर रोका गया

एहतियात के तौर पर विधानसभा के अंदर मौजूद सभी कर्मचारी और अधिकारियों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया। ड्यूटी के लिए आने वाले लोगों को मेन गेट पर ही रोक दिया गया और स्थिति साफ होने तक अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि धमकी मिलते ही कुछ ही मिनटों के अंदर तय सुरक्षा नियम लागू कर दिए गए थे। बता दें कि इस घटना ने एक बार फिर चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि हाल के दिनों में विधानसभा भवन को निशाना बनाकर दी गई यह पहली धमकी नहीं है।

बार-बार मिल रही धमकियों ने खुफिया ब्यूरो और राजस्थान पुलिस जैसी एजेंसियों को जांच के दायरे में ला दिया है, और यह सवाल उठ रहा है कि क्या ये धमकियां फर्जी हैं या किसी बड़ी सुरक्षा चिंता का हिस्सा हैं।