राजस्थान में निकली 30 विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर के 574 पदों पर भर्ती, 40 फीसदी अंक अनिवार्य

नई दिल्ली। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने कॉलेज शिक्षा को लेकर असिस्टेंट प्रोफेसर के 574 पदों पर भर्ती का संशोधित विज्ञापन जारी कर दिया है। राजस्थान असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए 20 सितंबर 2025 से आवेदन शुरू होंगे। पहले यह विज्ञापन 13 दिसंबर 2024 को जारी किया गया था लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया था। पहले आवेदन कर चुके 1.70 लाख अभ्यर्थियों को भी नया आवेदन करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

नए विज्ञापन में न्यूनतम अंक का प्रावधान-
आयोग सचिव ने बताया कि कार्मिक विभाग की अधिसूचना दिनांक 16 सितंबर, 2025 द्वारा भर्ती से संबंधित सेवा नियमों में संशोधन किए जाने के चलते पूर्व में जारी विज्ञापन को वापस लेते हुए भर्ती का नया विज्ञापन जारी किया गया है। इस अधिसूचना के मुताबिक आयोग किसी भी ऐसे उम्मीदवार की सिफारिश नहीं करेगा जो प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 36 प्रतिशत और लिखित परीक्षा में कुल 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने में विफल रहा हो।

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित उम्मीदवारों के लिए इसमें 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। राजस्थान सिविल सेवा (भूतपूर्व सैनिक का आमेलन) नियम, 1988 तथा राजस्थान दिव्यांगजन अधिकार नियम, 2018 में विहित प्रावधानानुसार भूतपूर्व सैनिकों एवं दिव्यांगजनों को भी न्यूनतम उत्तीर्णांकों में छूट/रियायत दी जाएगी।

भर्ती अन्तर्गत आवेदन हेतु दिनांक 1 जुलाई 2025 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष से कम होनी चाहिए।

आयु में छूट के विशेष प्रावधानः
1 वर्ष की अतिरिक्त छूटः पद क्रम 1 से 4, 6 से 13, 15 से 26 और 28 से 29 तक के पद आयोग द्वारा वर्ष 2023 में विज्ञापित किए गए थे जिसके तहत आयु गणना का आधार 1 जुलाई 2023 रखा गया था। अतः वर्तमान विज्ञापन के तहत उक्त पद क्रमों हेतु जो अभ्यर्थी 1 जुलाई 2025 को अधिक आयु के हो जाते हैं, उन्हें ऊपरी आयु सीमा में 1 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी।

3 वर्ष की अतिरिक्त छूटः पद क्रम 5, 14 और 27 तक के लिए आयोग द्वारा वर्ष 2020-21 या इससे पहले विज्ञापन जारी किया गया था। ऐसे में इन पदों हेतु आवेदन करने वाले ऐसे अभ्यर्थी जो 1 जुलाई 2025 को अधिक आयु के हो जाते हैं, उन्हें ऊपरी आयु सीमा में 3 वर्ष की अतिरिक्त छूट दी जाएगी।

कोई छूट नहींः पद क्रम 30 के लिए आयोग द्वारा बार-बार विज्ञापन जारी किए जाने के कारण अधिकतम आयु सीमा में कोई छूट नहीं दी जाएगी।

आरक्षित वर्गों के लिए छूट
विभिन्न वर्गों और श्रेणियों के लिए आयु सीमा में छूट के प्रावधान भी लागू होंगे।

पूर्व निर्धारित दिनांक को ही होगा परीक्षा का आयोजन

आगामी 1 से 24 दिसंबर तक ही परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। आयोग द्वारा 31 दिसंबर, 2024 को जारी परीक्षा कैलेंडर में ही इन पदों के लिए प्रस्तावित परीक्षा तिथि जारी कर दी गई थी।