राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में रविवार को 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल होंगी। इनमें एक तरफ 3 और दूसरी तरफ 2-2 सीटें रहेंगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 12 बजे अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहेंगे।
नई बसों को पूजा-अर्चना के बाद प्रदेश के अलग-अलग डिपो के लिए रवाना किया जाएगा। इन बसों के शामिल होने से यात्रियों को कम किराए में बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। साथ ही कई प्रमुख रूटों पर बसों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
22 डिपो को आवंटित की गईं बसें
रोडवेज की ओर से 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें प्रदेश के 22 डिपो को आवंटित की गई हैं। इन बसों के संचालन से विभिन्न जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ यात्रियों को नई और आधुनिक बसों में यात्रा करने का अवसर मिलेगा।
BS-VI इंजन और आधुनिक सुविधाओं से लैस
सभी बसें BS-VI मानक की हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी गंतव्य डिस्प्ले बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ECU) और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS) लगाया गया है। इसके अलावा महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैनिक बटन की सुविधा भी दी गई है।
सुरक्षित और आरामदायक सफर पर फोकस
रोडवेज के अनुसार नई बसों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और तकनीक आधारित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। वीएलटीएस के जरिए बसों की रियल टाइम लोकेशन की निगरानी की जा सकेगी, जबकि पैनिक बटन आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
आज होगा शुभारंभ
बसों का शुभारंभ रविवार दोपहर 12 बजे अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हरी झंडी दिखाकर इन बसों को संबंधित डिपो के लिए रवाना करेंगे। कार्यक्रम में रोडवेज और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।