राजस्थान-कोहरे के कारण गाड़ियां भिड़ीं, 4 पुलिसवाले सहित 24 घायल: स्कूल बंद

राजस्थान के 10 से ज्यादा जिले आज सुबह भी घने कोहरे की चपेट में रहे। जैसलमेर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में हुए दो एक्सीडेंट में 24 लोग घायल हो गए। इनमें एक एसएचओ सहित 4 पुलिसवाले भी शामिल हैं।

वहीं, धुंध के कारण उदयपुर में इंडिगो की दो फ्लाइट कैंसिल हो गई। सीकर, नागौर, जैसलमेर सहित कई जिलों कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। लगातार चल रही शीतलहर के कारण गलन भरी सर्दी और तापमान में गिरावट भी लोगों को परेशान कर रही है। आज भी राजस्थान के 13 जिलों में 8वीं तक के बच्चों की छुट्‌टी रही। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में कोल्डवेव की चेतावनी जारी की है। तेज सर्दी के बीच कई जिलों में पॉल्यूशन भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने और अगले दो-तीन कोहरा और सर्द हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया है।

जैसलमेर में हुए एक्सीडेंट में 4 पुलिसवालों के गंभीर चोट आई हैं। बस का भी अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस वैन के परखच्चे उड़े जैसलमेर के पोकरण में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण मोहनगढ़ थाना पुलिस की गाड़ी और स्लीपर बस में भिड़ंत हो गई। पुलिस वैन का अगला हिस्सा खत्म हो गया। हादसे में थानाधिकारी बाबूराम सहित तीन कॉन्स्टेबल घायल हो गए।

वहीं, कोटपूतली-बहरोड़ जिले के प्रागपुरा थाना क्षेत्र में हुए एक्सीडेंट में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार ड्राइवर सहित तीन लोगों की हालत गंभीर है। जिन्हें जयपुर रेफर किया गया है। वहीं, घने कोहरे का असर उदयपुर में भी रहा। यहां दिल्ली से आने वाली और दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल हो गई। कोहरे के साथ बर्फीली हवा से भी सर्दी बढ़ गई है। शेखावाटी एरिया के जिलों में धुंध-सर्दी का असर सबसे अधिक है। सीकर में रात का तापमान तीन डिग्री से ज्यादा गिर गया।

नेशनल हाईवे पर हुए हादसे का कारण घनी धुंध को बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार एक्सीडेंट के बाद कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी जाम हुआ था। सर्दी से एक सप्ताह राहत नहीं मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में अगले एक सप्ताह फिलहाल इसी तरह की सर्दी रहने की संभावना है। अगले दो-तीन दिन राज्य में घना कोहरा रहने की संभावना है, जबकि शेखावाटी के अलावा जयपुर, भरतपुर संभाग के एरिया में शीतलहर का प्रकोप रहेगा, जिससे इन शहरों में कहीं-कहीं तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।

शनिवार सुबह 7 बजे भिवाड़ी में रिकॉर्ड एक्यूआई। भिवाड़ी की हवा सबसे ज्यादा जहरीली शनिवार सुबह 7 बजे राजस्थान के भिवाड़ी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 354 के करीब रहा। जो कि हवा की क्वालिटी का सबसे खतरनाक स्तर होता है। इसके अलावा बूंदी, कोटा में भी एक्यूआई 300 या इससे ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान के 10 से ज्यादा शहरों में एक्यूआई शनिवार सुबह 200 से ज्यादा रहा।