राजस्थान-कोहरे के कारण ट्रेलर ने महिला को कुचला, स्कॉर्पियो-कार टकराईं-मचा हाहाकार

जयपुर। राजस्थान के अधिकतर शहरों में मंगलवार सुबह घना कोहरा रहा। राजस्थान में आज सीजन का सबसे घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी है। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर सहित 15 से ज्यादा जिलों में सुबह 10 बजे तक घनी धुंध रही। भरतपुर के गहनौली में सुबह 8 बजे कोहरे के कारण एक ट्रेलर ने महिला को कुचल दिया।

हादसे से गुस्साए लोगों ने मेगा हाईवे जाम कर दिया। वहीं, जयपुर के चौमूं एक स्कॉर्पियो और ईको कार में टक्कर हो गई। हादसे में 2 लोग घायल हुए हैं। वहीं, जोधपुर के लूणी स्टेशन पर एक साधु की डेडबॉडी मिली है। आशंका है कि वृद्ध ने ठंड के कारण दम तोड़ दिया।

इधर, धुंध के कारण उदयपुर और जयपुर में एयरलाइंस कंपनियों ने ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की है। चित्तौड़गढ़ में कई ट्रेनों के शेड्यूल पर भी असर हुआ है। वहीं,प्रदेश के 20 जिलों में आज से 8वीं क्लास तक स्कूलों में छुट्‌टी है। कई जिलों में स्कूलों का टाइम भी बदला है।

भरतपुर जिले में ट्रेलर के कारण हुई महिला की मौत से ग्रामीणों में नाराजगी। उनका आरोप है कि पहले भी प्रशासन को इस एरिया में अवैध ट्रेलर-डंपरों को लेकर शिकायत की है, लेकिन कोई ध्यान नहीं देता है।

लगातार गिर रहा है तापमान

नए साल की शुरुआत से राजस्थान में सर्दी बढ़ गई है। बीते 5 दिन में तीन दिन माउंट आबू सहित शेखावाटी के कई एरिया में पारा एक डिग्री या उससे कम रहा। सर्दी के साथ घना कोहरा और बर्फीली हवा लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

मंगलवार सुबह भी शीतलहर के कारण कड़ाके की सर्दी महसूस हुई। राज्य में कोहरे का असर 7 जनवरी और कोल्ड-वेव का असर 9 जनवरी तक रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में भी 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।