राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच लोगों को फिलहाल कुछ राहत मिली है। प्रदेश के सभी शहरों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। हालांकि बीकानेर, चूरू, फलोदी और चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहे। वहीं लगातार दो दिन तक सबसे गर्म रहे श्रीगंगानगर में शनिवार सुबह मौसम बदला और हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने 24 मई से प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी करते हुए पश्चिमी राजस्थान में सीवियर हीटवेव तथा पूर्वी और उत्तरी जिलों में हीटवेव और वार्म नाइट की संभावना जताई है।
24 मई से फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में लू का असर अधिक रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर रह सकता है।
श्रीगंगानगर में बारिश से राहत
लगातार चार से पांच दिन से गर्मी और हीटवेव झेल रहे श्रीगंगानगर जिले में शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे अचानक मौसम बदला। जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में कमी आई और लोगों को राहत मिली।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में रिकॉर्ड किया गया। फलोदी, चूरू, बीकानेर और गंगानगर के कई हिस्सों में हीटवेव का असर बना रहा। वहीं पूर्वी राजस्थान के टोंक, अलवर और दौसा में भी गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।
जयपुर में वार्म नाइट का असर
राजधानी जयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहने से वार्म नाइट की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन तक जयपुर में तेज गर्मी और हीटवेव की आशंका जताई है।
जोधपुर और उदयपुर में गर्मी बरकरार
जोधपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम रही।
उदयपुर में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप के कारण दिन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अलवर, अजमेर और कोटा में भी असर
अलवर में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी से राहत देने के लिए प्रशासन की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया गया।
अजमेर में अधिकतम तापमान 40.9 और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। हालांकि कुछ हिस्सों में धूलभरी हवाएं चल सकती हैं।
कोटा में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय तेज धूप का असर वन्यजीवों पर भी देखने को मिला और वे छांव की तलाश करते नजर आए।
सीकर में छह दिन से गर्मी का असर
सीकर और आसपास के इलाकों में पिछले छह दिनों से गर्मी बनी हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही।
प्रदेश में फिलहाल तापमान में हल्की राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 24 मई से गर्मी फिर से तेज होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।